इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट- 17 फरवरी से प्रदर्शनी
नई दिल्ली। ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ के पहले दिन आम लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। आयोजकों के अनुसार, उद्घाटन सत्र और विशेष प्रतिनिधियों के लिए निर्धारित कार्यक्रम के कारण पहले दिन केवल आमंत्रित अतिथियों, उद्योग विशेषज्ञों और नीति-निर्माताओं को ही प्रवेश दिया जाएगा।
समिट के आयोजकों ने बताया कि 17 फरवरी से प्रदर्शनी आम जनता के लिए खोल दी जाएगी। इस दौरान छात्र, स्टार्टअप, उद्योग प्रतिनिधि और तकनीक में रुचि रखने वाले लोग नवीनतम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित नवाचारों और उत्पादों को करीब से देख सकेंगे।
एआई नवाचारों का प्रदर्शन
समिट में हेल्थकेयर, शिक्षा, कृषि, साइबर सुरक्षा और स्मार्ट सिटी जैसे क्षेत्रों में एआई के उपयोग पर विशेष फोकस रहेगा। कई भारतीय और वैश्विक कंपनियां अपने अत्याधुनिक समाधान और प्रोटोटाइप प्रदर्शित करेंगी।
नीति और उद्योग पर चर्चा
कार्यक्रम के दौरान एआई नीति, डेटा सुरक्षा, कौशल विकास और स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि यह मंच भारत को एआई क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। आयोजकों ने प्रतिभागियों से ऑनलाइन पंजीकरण कराने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
पांच दिनों तक चलेगा एआई इम्पैक्ट समिट
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का आयोजन नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया जा रहा है। समिट में 30 से अधिक देशों की 300 से ज्यादा कंपनियां अपनी तकनीकों का प्रदर्शन करेंगी। 16 से 20 फरवरी तक चलने वाले इस इवेंट में दुनिया भर के कई टेक लीडर्स भी हिस्सा ले रहे हैं। कुछ प्रमुख हस्तियों की बात करें तो, माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स, गूगल के सुंदर पिचाई, ओपनएआई के सैम ऑल्टमैन, एंथ्रोपिक के डेमिस हैसबिस, मेटा एआई के एलेक्जेंडर वांग समेत कई टेक लीडर्स शिरकत करने वाले हैं।
आयोजन में शामिल होने बिल गेट्स भारत पहुंच चुके हैं। वह इस वक्त आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती में हैं और जल्द ही दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



