भारत का पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप मैच में पलड़ा भारी
दुबई, सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम रविवार को एशिया कप में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ यहाँ होने वाले मुकाबले में प्रबल दावेदार होगी और दिलचस्प बात है कि पिछले कुछ महीनों में सीमा पर बढ़े तनाव के बावजूद इस मुकाबले को लेकर किसी तरह की हाइप नहीं है। चार महीने बाद भारत में टी-20 विश्व कप को देखते हुए मुकाबला महत्वपूर्ण है, लेकिन कई साल में पहली बार भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले क्रिकेट मैच में उस तरह के उत्साह का अभाव है, जो दोनों देशों के बीच मैच में अक्सर होता है, जबकि यह रविवार को खेला जा रहा है।
भारत के अंतिम एकादश में शुभमन गिल, सूर्यकुमार, अभिषेक शर्मा जैसे बल्लेबाज, जसप्रीत बुमराह जैसा तेज गेंदबाज, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती जैसे स्पिनर मौजूद हैं। कागज पर भारतीय टीम पाकिस्तान की तुलना में कहीं अधिक खतरनाक दिखती है जो नए कप्तान सलमान अली आगा के नेतृत्व में अपनी पकड़ बनाने की कोशिश कर रही है। हालाँकि इस प्रारूप की बदलने वाली प्रकृति को देखते हुए उलटफेर की संभावना हमेशा बनी रहती है, लेकिन इस मजबूत भारतीय टीम के खिलाफ इसकी संभावना कम ही है।
भारत-पाक मैच से पहले नया टीम संयोजन और तनावपूर्ण माहौल
पाकिस्तानी टीम के सबसे प्रतिभाशाली बल्लेबाजों में से एक सलामी बल्लेबाज सैम अयूब, मध्यक्रम के बल्लेबाज हसन नवाज तथा अबरार अहमद, सूफियान मुकीन और मोहम्मद नवाज की स्पिनरों की तिकड़ी नये लुक वाली टीम में यह बात साबित करना चाहेंगे कि उन्होंने बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान पर पूरी तरह निर्भर रहने की नीति को त्याग दिया है।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 पर्यटक मारे गए थे, जिससे हाल में दोनों देशों के बीच संबंधों में कड़वाहट भर गई। इसके बाद हुए सैन्य अभियान और जनता के गुस्से ने महाद्वीपीय क्रिकेट के इस सबसे हाई-प्रोफाइल मैच की तैयारी को बहुत फीका बना दिया। मैच के हजारों टिकट अब भी उपलब्ध हैं और शुक्रवार को भारत के अभ्यास सत्र में बहुत कम दर्शक पहुँचे।
मैच को लेकर पहले की तरह उत्साह भी गायब है। सोशल मीडिया पर अपील की जा रही हैं कि भारत इस मैच का बहिष्कार करे जिससे कोई नहीं जानता कि कितने बीसीसीआई अधिकारी रविवार को मैच देखने पहुँचेंगे, वर्ना दोनों देशों के बीच मैच के दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी मौजूद रहते थे। भारत सरकार ने बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में राष्ट्रीय टीम को अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ मैच खेलने की अनुमति दी है, लेकिन द्विपक्षीय स्तर पर ऐसा नहीं होगा।
यह भी पढ़े : भारत-पाक मुकाबला : सूर्यकुमार-सलमान ने आक्रामकता पर जोर दिया
दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने राजनीति से जुड़े मीडिया के किसी भी सवाल को सिरे से खारिज कर दिया। आमतौर पर भारत-पाक मैच में भारतीय बल्लेबाजों और पाकिस्तानी तेज गेंदबाजों के बीच मुकाबला होता है, लेकिन इस बार दोनों टीमों के स्पिनरों की अहम भूमिका होगी, जबकि जसप्रीत बुमराह और शाहीन शाह अफरीदी ही एकमात्र विशेषज्ञ तेज गेंदबाज हैं जो रविवार को मैदान में उतरेंगे। मैच का समय : रात 8 बजे से। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



