भारत की ऐतिहासिक जीत: तीसरी बार टी-20 विश्व कप चैंपियन
अहमदाबाद, सूर्यकुमार यादव की टीम ने भारतीय क्रिकेट का एक और स्वर्णिम अध्याय लिखते हुए रविवार को न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर भारत को तीसरी बार टी-20 विश्व कप दिलाया, जिसमें संजू सैमसन की भूमिका अहम रही, तो जसप्रीत बुमराह के योगदान को भी याद रखा जाएगा। भारतीय टीम लगातार दूसरी बार टी-20 विश्व कप जीतने वाली पहली पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनी। इसके साथ ही तीन साल पहले इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया से वनडे विश्व कप फाइनल हारने वाली रोहित शर्मा की टीम के पुराने जख्मों पर भी मरहम लग गया होगा।
संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 और अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन बनाकर भारत को पॉवरप्ले में ही 98 रन तक पहुँचाते हुए जीत की नींव रख दी थी। भारत ने पहले बल्लेबाजी के लिए भेजे जाने पर पाँच विकेट पर 255 रन बनाए। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनेर को कोल मैकोंची की जगह जैकब डफी को अंतिम एकादश में उतारने का खामियाजा भुगतना पड़ा। करीब 86,000 दर्शकों के सामने न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर आउट हो गई।
मुंबई के चैम्बूर में रहने वाले सूर्यकुमार ने अपना नाम महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा के बाद टी-20 विश्व कप जीतने वाले कप्तानों में शामिल कर लिया। वहीं लगातार दो टी-20 विश्व कप जिताने वाले कोच गौतम गंभीर के योगदान को भी भुलाया नहीं जा सकता। जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर चार ओवर में 15 रन देकर चार विकेट चटकाते हुए साबित कर दिया कि वह दुनिया के नंबर एक तेज गेंदबाज क्यों है। उनका इस विश्व कप में प्रदर्शन क्रिकेट की किवदंतियों में शुमार रहेगा।
अभिषेक और सैमसन ने फाइनल में किया धमाल
आईपीएल के बड़े-बड़े सितारों से भरी यह भारतीय टीम पहले ही से खिताब की सबसे प्रबल दावेदार मानी जा रही थी। हर मैच में एक नए मैच विनर के साथ यह दावा और पुख्ता होता चला गया। भारतीय क्रिकेट में 2007 में पहले टी-20 विश्व कप में मिली खिताबी जीत अगर ऐतिहासिक थी, तो इस जीत को भी 2023 के जख्मों पर मरहम के रूप में याद रखा जाएगा। पूरे टूर्नामेंट में खराब फॉर्म से जूझ रहे अभिषेक शर्मा का बल्ला फाइनल में खूब चला।
वहीं सैमसन ने अपने कैरियर का सबसे यादगार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश का दिल जीता। बुमराह के यॉर्कर, अक्षर पटेल के अकल्पनीय कैच और ईशान किशन की बल्लेबाजी की चर्चा बरसों तक होगी। अभिषेक ने 21 गेंदों में 52 रन बनाए, जबकि सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रन की पारी खेली। उन्होंने लाँग ऑन, लाँग ऑफ और स्क्वायर लेग के ऊपर से कुल आ छक्के लगाकर खचाखच भरे दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में बै दर्शकों को रोमांचित कर दिया। उन्होंने रचिन रविंद्र, लॉकी फर्ग्यूसन और मैट हेनरी की गेंदों की जमकर धुनाई करके मैदान के चारों ओर रन बनाए।
वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ शानदार पारियाँ खेलने वाले केरल के सैमसन ने एक और, जबर्दस्त पारी खेलकर अपने आलोचकों का मुँह बंद कर दिया। वहीं कश्मीर से कन्याकुमारी तक आलोचकों के कोपभाजन बने अभिषेक ने आखिरकार अपनी प्रतिभा के दर्शन कराते हुए न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों को दबाव में ला दिया। उन्होंने 18 गेंदों में 50 रन बनाए और छक्के के साथ अर्धशतक तक पहुँचे।
अभिषेक, सैमसन और ईशान की धुआंधार बल्लेबाजी से भारत ने बनाए 200+ रन
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनेर से नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच को भाँपने में गलती हुई और टीम चयन में वह चूक गए। उन्होंने आफ स्पिनर कोल मैकोंची को नहीं चुना, जिन्होंने सेमीफाइनल में क्विंटोन डिकॉक और रियान रिकेलटन को आउट किया था। अभिषेक ने मैकोंची की जगह खेल रहे जैकब डफी की गेंद पर पाँच चौके लगाये। डफी ने तीन ओवर में 42 रन दे डाले और उन्हें कोई विकेट नहीं मिली।
हेनरी ने चार ओवर में 49 रन दिए और एक विकेट चटकाया। भारत ने पॉवरप्ले के छह ओवरों में 92 रन बना लिए थे। रचिन रविंद्र ने अभिषेक को आउट करके 43 गेंद में बनी 98 रन की साझेदारी को तोड़ा। नए बल्लेबाज ईशान किशन ने रनगति कायम रखते हुए चार छक्के और चार चौके लगाए। सैमसन और ईशान ने 48 गेंदों में 105 रन की साझेदारी करके भारत को 200 रन के पार पहुँचाया।
जिम्मी नीशाम ने हालाँकि सैमसन, ईशान और कप्तान सूर्यकुमार यादव (00) को 16वें ओवर में आउट करके रनगति पर अंकुश लगाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बड़ा स्कोर बन चुका था। डफी को पहले ही ओवर में तीन चौके पड़े, जबकि ग्लेन फिलिप्स ने दूसरा ओवर काफी किफायती डाला। अभिषेक ने फर्ग्यूसन और हेनरी को छक्के लगाए।
स्कोर बोर्ड
भारत : संजू सैमसन का. मैकोंची बो. नीशाम 89, अभिषेक शर्मा का. सीफर्ट बो. रविंद्र 52, ईशान किशन का. चैपमैन बो. नीशाम 54, हार्दिक पांड्या का. सेंटनेर बो. हेनरी 18, सूर्यकुमार यादव का. रविंद्र बो. नीशाम 00, तिलक वर्मा नाबाद 08, शिवम दुबे नाबाद 26, अतिरिक्त : 08, कुल : 20 ओवर में पाँच विकेट पर 255 रन। विकेट पतन : 1-98, 2-203, 3-204, 4-204, 5-226, गेंदबाजी : हेनरी 4-0-49-1, फिलिप्स 1-0-5-0, डफी 3-0-42-0, फर्ग्यूसन 2-0-48-0, सेंटनेर 4-0-33-0, रविंद्र 2-0-32-1, नीशाम 4-0-46-3.
न्यूजीलैंड : टिम सीफर्ट का. ईशान बो. वरूण 52, फिन एलेन का. तिलक बो. पटेल 09, रचिन रविंद्र का. ईशान बो. बुमराह 01, ग्लेन फिलिप्स बो. पटेल 05, मार्क चैपमैन बो. पांड्या 03, डेरिल मिचेल का. ईशान बो. पटेल 17, मिचेल सेंटनेर बो. बुमराह 43, जेम्स नीशाम बो. बुमराह 08, मैट हेनरी बो. बुमराह 00, लॉकी फर्ग्यूसन नाबाद 06, जैकब डफी का. तिलक बो. अभिषेक 03, अतिरिक्त : 12, कुल : 19 ओवर में 159 रन। विकेट पतन : 1-31, 2-32, 3-47, 4-70, 5-72, 6-124, 7-141, 8-141, 9-152, गेंदबाजी : अर्शदीप 4-0-32-0, पांड्या 4-0-36-1, पटेल 3-0-27-3, बुमराह 4-0-15-4, वरूण 3-0-39-1, अभिषेक 1-0-5-1.(भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



