अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का पर्दाफाश
रेलवे पुलिस ने ज़ब्त किया 12.3 किलो गांजा, तस्कर गिरफ्तार, सप्लायर फरार
हैदराबाद, सिकंदराबाद रेलवे पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का पर्दाफाश करते हुए 12.3 किलो गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी पुलिस की आँखों में धूल झोंक कर भागने में सफल हो गया है।
संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिकंदराबाद रेलवे पुलिस के इंस्पेक्टर बी. साईं ईश्वर गौड़ ने बताया कि सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन, प्लेटफार्म नंबर 7 से ओडिशा के समीर बिशोई (31) को 12.3 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया।
प्लेटफार्म नंबर 7 से 12.3 किलो गांजा बरामद, आरोपी फरार
पूछताछ में समीर ने बताया कि वह 6, 7 वर्षों तक महाराष्ट्र, ठाणे में सेल्स ब्वॉय के रूप में काम कर चुका था। कम आमदनी की वजह से वह अपने पैतृक राज्य लौट गया था, वह उसका मुख्य आरोपी मुन्ना नायक (29) से परिचय हुआ।
मुन्ना ने उसे ओडिशा से गांजा लेकर हैदराबाद होते हुए महाराष्ट्र पहुंचाने पर प्रत्येक ट्रिप के बदले में 10 हजार रुपये देने का लालच दिया। आर्थिक समस्याओं से परेशान होकर समीर ने मुन्ना के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी। इसके बाद वे दोनों 16 अप्रैल को 6 पैकेटों में गांजा लेकर बेहरामपुर रेलवे स्टेशन से कोणार्क एक्सप्रेस में सवार होकर सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पहुंचे। यात्रा के दौरान दोनों ने गांजे के सूटकेस को सीट के नीचे छिपा दिया था। सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद वे ठाणे जाने के लिए देवगिरी एक्सप्रेस की प्रतीक्षा कर रहे थे।
ओडिशा से महाराष्ट्र गांजा सप्लाई की योजना थी, मुख्य आरोपी मुन्ना फरार
इसी दौरान रेलवे पुलिस के अधिकारियों को देखने के बाद दोनों ने सूटकेस को प्लेटफार्म नंबर 7 के पास ही छोड़ दिया। वे कुछ देर तक प्लेटफार्म नंबर 4 से सूटकेस पर नजर बनाए हुए थे। काफी देर तक रेलवे पुलिस की नजर नहीं पड़ने पर वे दोनों एक बार फिर से प्लेटफार्म पहुंचे।
इसी दौरान, मुन्ना ने देवगिरी एक्सप्रेस आते ही समीर को ट्रेन पर चढ़ने और उसके द्वारा टिकट लेने की जानकारी दी। मुन्ना के कुछ दूर जाते ही समीर सूटकेस लेकर ट्रेन में चढ़ने लगा, इसी दौरान रेलवे पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। सूटकेस की तलाशी लेने पर उसमें 6 पैकेटों में 12.3 किलो गांजा बरामद हुआ।
समीर के खुलासे के बाद रेलवे पुलिस ने मुन्ना को ट्रेस करने की भी कोशिश की, लेकिन वह सेल फोन स्विच ऑफ कर फरार हो गया। उसके पास से जब्त गांजे की कीमत लगभग 6 लाख 15 हजार 900 रुपए आंकी गई। समीर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



