आईपीएल स्थगित
नई दिल्ली, भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य टकराव के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को शुक्रवार को एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया और बीसीसीआई ने कहा कि जब देश आतंकी हमले का जवाब देने के साथ सरहद पार से अनुचित आक्रमण का सामना कर रहा है, ऐसे में राष्ट्रहित सर्वेपरि है।
जम्मू और पठानकोट में हवाई हमले की चेतावनी के बाद धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच गुरुवार का मैच बीच में ही रद्द होने के बाद से मौजूदा आईपीएल के भविष्य पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे थे। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने एक विज्ञप्ति में कहा, बीसीसीआई ने आईपीएल के बाकी मैच तुरंत प्रभाव से एक सप्ताह के लिए स्थगित करने का फैसला किया है।
आईपीएल स्थगित: भारत की सुरक्षा के साथ एकजुटता
पहले यह बताया गया था कि आईपीएल अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। इसमें कहा गया, नए कार्यक्रम और टूर्नामेंट के आयोजन के बारे में सूचना समय आने पर दी जाएगी। इससे पहले संबंधित अधिकारियों और हितधारकों के साथ हालात की व्यापक समीक्षा की जाएगी। लीग का समापन 25 मई को कोलकाता में होना था।
बोर्ड बाकी 16 मैच (12 लीग और चार नॉकआउट) सही समय पर कराने की कोशिश करेगा। ऐसी अटकलें हैं कि सितंबर महीने में होने वाला एशिया कप रद्द किया जाता है तो यह एक विकल्प हो सकता है। बोर्ड के बयान में कहा गया , इस नाजुक मोड़ पर बीसीसीआई देश के साथ खड़ा है। हम भारत सरकार, सशस्त्र बलों और देश के लोगों के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हैं।
इसमें कहा गया, बोर्ड हमारे सशस्त्र बलों की बहादुरी, साहस और निस्वार्थ सेवा को सलाम करता है जिनके ऑपरेशन सिंदूर के तहत किए गए वीरतापूर्ण प्रयास राष्ट्र की रक्षा करने के साथ प्रेरणा देते हैं और जो हाल ही के आतंकवादी हमले और पाकिस्तान के सशस्त्र बलों द्वारा किए गए अनुचित आक्रमण का दृढ़ जवाब दे रहे हैं।
भारत की सुरक्षा को प्राथमिकता, आईपीएल पर प्रभाव
बोर्ड ने कहा कि क्रिकेट देश का जुनून है, लेकिन यह देश की अखंडता और सुरक्षा से बढ़कर नहीं है। इसमें कहा गया, बोर्ड भारत की सुरक्षा के लिए सभी प्रयासों का समर्थन करने के लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध है और हमेशा राष्ट्र के सर्वेत्तम हित में अपने निर्णय लेगा। बोर्ड ने आधिकारिक प्रसारक, टाइटल प्रायोजक और सभी साझेदारों समेत हितधारकों को राष्ट्रहित को सर्वेपरि रखने के लिए धन्यवाद दिया।
भारत ने 22 अप्रैल के पहलगाम आतंकी हमले के एक पखवाड़े बाद पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकवादियों के ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। पहलगाम हमले में 26 लोग मारे गए थे।हवाई हमले के अलार्म और जम्मू में विस्फोट जैसी आवाजों की खबरों के बीच गुरुवार को पंजाब के पानकोट, अमृतसर, जालंधर, होशियारपुर, मोहाली और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ सहित भारत के कई जिलों में ब्लैकआउट लागू कर दिया गया।
यह भी पढ़ें… ब्लैकआउट के कारण आईपीएल मैच रद्द
इससे पहले दिन में, लाहौर और रावलपिंडी सहित अन्य शहरों में भारतीय ड्रोन हमलों के बाद पाकिस्तान सुपर लीग को संयुक्त अरब अमीरात में स्थानांतरित कर दिया गया था। लीग सूत्रों के अनुसार, सैन्य टकराव ने विदेशी खिलाड़ियों में काफी चिंता पैदा कर दी है और वे अगले कुछ दिनों में वापस लौट जाएँगे।पिछले साल मेगा नीलामी में 10 फ्रेंचाइजी ने 62 विदेशी खिलाड़ियों को अनुबंधित किया था।(भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



