जुबली हिल्स उप-चुनाव : आचार संहिता के उल्लंघनों पर त्वरित कार्रवाई आवश्यक
हैदराबाद, जुबली हिल्स विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए चुनाव प्रेक्षकों ने चुनाव संबंधी सभी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई और स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) के सख्त पालन की आवश्यकता पर बल दिया।







सामान्य पर्यवेक्षक रंजीत कुमार सिंह, पुलिस पर्यवेक्षक ओम प्रकाश त्रिपाठी और व्यय प्रेक्षक संजीव कुमार लाल ने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन के साथ आज जीएचएमसी मुख्यालय स्थित एमसीएमसी (मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति), इलेक्ट्रॉनिक मीडिया निगरानी कक्ष, एमसीसी नियंत्रण कक्ष और 1950 शिकायत केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
पर्यवेक्षकों ने शिकायत रजिस्टरों, दस्तावेजों और रियल-टाइम निगरानी प्रणालियों की समीक्षा कर उनकी कार्यप्रणाली तथा त्वरित शिकायत निवारण पर संतोष व्यक्त किया। जिला निर्वाचन अधिकारी आर.वी. कर्णन ने पर्यवेक्षकों को बताया कि आदर्श आचार संहिता, एमसीएमसी, सी-विजिल और नियंत्रण कक्ष के माध्यम से प्राप्त सभी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें… जुबली हिल्स उपचुनाव : चुनौती बनी नामांकनों की छंटाई
उपचुनाव में पारदर्शिता व निगरानी सुनिश्चित की जाएगी
जमीनी स्तर पर सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए एफएसटी, एसएसटी, वीएसटी और वीवीटी जैसी क्षेत्रीय टीमों को सतर्क किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उपचुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद से प्रवर्तन टीमों ने 2.75 करोड़ रुपये से अधिक की बेहिसाबी नकदी जब्त की और आदर्श आचार संहिता उल्लंघन से संबंधित दस से अधिक मामले दर्ज किए।
रंजीत कुमार सिंह ने निर्देश दिया कि चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों द्वारा किए गए सभी चुनावी खर्चों का सटीक और शीघ्रता से रिकॉर्ड रखा जाए, ताकि अभियान वित्त निगरानी में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित हो। अधिकारियों से जुबली हिल्स विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए समन्वय से काम करने का आग्रह किया।
अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त (चुनाव) हेमंत केशव पाटिल, एमसीसी नोडल अधिकारी नरसिम्हा रेड्डी, मुख्य लेखा परीक्षक पी. वेंकटेश्वर रेड्डी, मीडिया नोडल अधिकारी ममिंडला दशरथम, एमसीएमसी सदस्य बच्चनजीत सिंह, मानस कृष्णकांत, ओएसडी (नियंत्रण कक्ष) अनुराधा व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
और आसान होगा मतदान : कर्णन
हैदराबाद जिला निर्वाचन अधिकारी व जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन ने कहा कि इस बात मतदान करना पहले से आसान होगा। मतदाताओं की सुविधा बढ़ाने की दिशा में एक बड़े कदम के रूप में भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) ने मतदान प्रक्रिया को सुगम, सरल और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए नई सुविधा शुरू की है।
कर्णन ने बताया कि अब से मतदाता पर्चियों पर सीरियल नंबर और पार्ट नंबर प्रारूप में प्रमुखता से प्रदर्शित होंगे, जिससे मतदाता आसानी से अपने मतदान विवरण पहचान सकेंगे। इस कदम का उद्देश्य मतदान केंद्रों पर भ्रम को कम करना और प्रत्येक वोटर को मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण शीघ्रता से खोजने में मदद करना है। कर्णन ने कहा कि भारतीय चुनाव आयोग यह सुनिश्चित करने के लिए प्रगतिशील उपायों को लागू करना जारी रखे हुए है कि मतदान प्रत्येक नागरिक के लिए सरल, सुलभ और पारदर्शी बना रहे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



