करीमनगर में दिनदहाड़े लूट : ज्वेलरी शॉप में फायरिंग, 4 घायल
करीमनगर, करीमनगर में आज सुबह एक सनसनीखेज वारदात में हथियारबंद लुटेरों ने दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में घुसकर फायरिंग की और कीमती आभूषण लूटकर फरार हो गए। इस दौरान हुई गोलीबारी में चार सुरक्षा कर्मी घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने हमलावरों के चित्र जारी कर उनकी गिरफ्तारी में सहायक जानकारी देने वालों के लिए 1 लाख रुपये के ईनाम की घोषणा की है।





प्राप्त जानकारी के अनुसार, जग्तियाल रोड स्थित पीएमजे ज्वेलरी शॉप शादियों का सीजन होने की वजह से रविवार को भी खुली थी। इसी दौरान आज सुबह ज्वेलरी स्टोर का कर्मचारी डिस्प्ले के लिए लॉकर से गहने निकाल रहा था, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच बदमाश अचानक स्टोर पर पहुंचे और हथियारों के बल पर अंदर घुस गए। बताया गया कि जब सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो लुटेरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
30 राउंड फायरिंग से मौके पर मची अफरा-तफरी
करीब 30 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से चार सुरक्षा गार्ड घायल हो गए, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है। इसके बाद लुटेरे भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और क्लूज टीम ने मौके पर पहुंचकर जाँच शुरू की। फिलहाल आभूषणों का सटीक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है।
करीमनगर के पुलिस आयुक्त गौस आलम ने भी घटनास्थल का दौरा करते हुए स्टोर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। प्रारंभिक जांच में इस वारदात के पीछे किसी अंतरराज्यीय लूट गिरोह के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर किसी की मदद मिलने की संभावना को भी जाँच की जा रही है। व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस घटना से लोगों में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं। इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पीएमजे ज्वेलरी शॉप में गोलियां चलाकर लूटपाट की घटना को लेकर हैदराबाद पुलिस भी अलर्ट पर आ गई। बताया गया कि हैदराबाद टास्क फोर्स की कई टीमों को करीमनगर रवाना किया गया। इसके अलावा पिछले वर्ष चंदानगर में इसी तरह की लूट को अंजाम देने वाले आरोपियों को पकड़ने वाले साइबराबाद एसओटी के अधिकारियों को भी करीमनगर रवाना किया गया।
यह भी पढ़ें… गेमिंग व फर्जी निवेश वेबसाइट को बढ़ावा देने वाली 184 प्रोफाइलें हटीं
बंडी संजय ने किया दौरा
केंद्रीय मंत्री बंडी संजय ने करीमनगर के ज्योतिनगर स्थित स्वर्णाभूषण की दुकान पीएमजे ज्वेलरी शोरूम में हुई लूटपाट व गोली चलाए जाने के मामले का घटनास्थल पर जाकर जायजा लिया। ज्वेलरी शॉप के कुछ ही दूर 10 मिनट पहले ही केंद्रीय मंत्री ने विकास कार्यों के प्रारंभ कार्यक्रम में भाग लिया था। घटनास्थल पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री बंडी संजय ने स्थानीय कानदार से बात कर जानकारी ली वहीं सीसीटीवी फुटेज देखी। उन्होंने स्थानीय पुलिस आयुक्त व तैनात पुलिस वालों से बात कर जानकारी हासिल की।
बंडी ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि जो जानकारी मिली है उसके अनुसार पहले 1 लुटेरा ग्राहक के रूप में आया और 20 ग्राम सोने की चेन दिखाने के लिए कहा। उसके बाद और दो लुटेरे आए तथा सोने के आभूषण दिखाने के लिए बोले। जब वे आभूषण देख रहे थे, तभी और दो लुटेरे आ धमके, जो हिन्दी और तेलुगु भाषा में बात कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पता चला है, बंदूक दिखाकर लूटने की कोशिश करने पर सेल्समैन व कर्मचारियों ने हिम्मत दिखाकर रोकने की कोशिश की। इसी बीच गोली चलाई गई जिसमें कुछ कर्मचारी गंभीर घायल हुए हैं। उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस व क्लूज टीमें फिंगर प्रिंट्स लेकर, सीसी टीवी फुटेज खंगालकर जांच पड़ताल कर रही हैं। विश्वास है जल्द ही लुटेरे धर लिए जाएंगे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



