मोदी का दौरा तेलंगाना के विकास का उत्सव : सुभाष
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश मुख्य आधिकारिक प्रवक्ता एन. वी. सुभाष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 10 मई को तेलंगाना दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का दौरा तेलंगाना के विकास का उत्सव है। एन.वी. सुभाष ने कहा कि तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार तेलंगाना के दौरे पर आ रहे नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिकंदराबाद के परेड ग्राउंड में विशाल जनसभा होगी।
सुभाष ने कहा कि प्रधानमंत्री करीब 7,823 करोड़ रुपये मूल्य की विकास योजनाओं का तेलंगाना में प्रारंभ करेंगे और कुछ राष्ट्र को समर्पित करेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा निर्मित बीबीनगर एम्स अस्पताल का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब 2 हजार करोड़ रुपये खर्च से निर्मित अत्याधुनिक एम्स अस्पताल का लाभ गरीब व मध्यवर्ग को किफायती दरों में मिलेगा। उन्होंने कहा कि बाहर निजी चिकित्सा संस्थानों में महंगे लैब टेस्ट बीबी नगर एम्स में सस्ती दरों पर किए जाएंगे, वहीं आउट पेशेंट सुविधा के तहत बड़े से बड़े डॉक्टरों की सेवाएं केवल 10 रुपये में उपलब्ध होंगी।
यह भी पढ़ें… अगले 20 सालों तक कांग्रेस को वोट नहीं देगी जनता : केटीआर
काकतीय टेक्सटाइल पार्क से बुनकरों को वैश्विक पहचान
सुभाष ने हर्ष व्यक्त करते हए कहा कि वरंगल के बुनकरों को वैश्विक पहचान दिलाने 1,695 करोड़ रुपये खर्च से स्थापित किए जा रहे पीएम मित्रा काकतीया मेगा टेक्सटाइल पार्क भी प्रधानमंत्री राष्ट्र को समर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एक ओर तेलंगाना पर हजारों करोड़ रुपये खर्च कर रही है, तो दूसरी ओर राज्य की विभिन्न राजनीतिक पार्टियाँ विकास की राह में रुकावट पैदा करने के लिए पूरी ताकत झोंक रही हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के शासन में तेलंगाना में रेलवे पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
सुभाष ने काजीपेट – विजयवाड़ा रेल लाइन तथा नए आधुनिक रेलवे स्टेशनों के निर्माण, महबूबनगर राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण, मल्कापुर पेट्रोलियम टर्मिनल, सम्मक्का सारक्का ट्राइबल विश्व विद्यालय आदि क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने तेलंगाना पर विशेष फोकस किया है, इसलिए बड़े पैमाने पर प्रगति कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने जहीराबाद को स्मार्ट सिटी बनाए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे कइयों को रोजगार प्राप्त होंगे। उन्होंने सभी से परेड मैदान में 10 मई को प्रधानमंत्री की जनसभा को सफल बनाने का आह्वान किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



