कर्नाटक: यादगीर में कार और बस में टक्कर, छह लोग जिंदा जले

नई दिल्ली, कर्नाटक के यादगिरि जिले में शुक्रवार को मौत का एक ऐसा तांडव देखने को मिला, जिसने हर किसी का दिल दहला दिया है। दरअसल, सुरपुर तालुक के शांतापुरा क्रॉस के पास एक कार और निजी बस की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। इस हादसे में कार सवार 10 लोगों में से नौ लोगों की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई है। मरने वालों में पांच मासूम बच्चे भी शामिल हैं।
हादसे की वजह क्या?
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार कॉम्पैक्ट यूटिलिटी वाहन (एसयूवी) का टायर अचानक फट गया। टायर फटते ही ड्राइवर ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया और कार डिवाइडर की दूसरी तरफ से आ रही निजी बस से जा टकराई। भिड़ंत होते ही कार आग का गोला बन गई।
चीख-पुकार के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के वक्त कार में कुल 10 लोग सवार थे। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि अंदर फंसे लोगों को बाहर निकलने का अवसर ही नहीं मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। जिला पुलिस अधीक्षक पृथ्वीक शंकर ने 9 मौतों की पुष्टि की है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और कार, दोनों ही पूरी तरह जलकर खाक हो गए। अग्निशमन दल ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 20 यात्री सुरक्षित समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे।

मासूमों समेत 9 लोगों ने तोड़ा दम
मृतकों की शिनाख्त कृष्णा नायक (52) और उनकी पत्नी अनंत कला (45); शरणप्पा (36) और उनकी पत्नी निसर्ग (30); उनके बच्चे सिद्धार्थ (3), अद्विक (5), और श्रीनिधि (1.5); इसके अलावा शशिकला (30) और उनके बेटे चंदन (8) के रूप में हुई है। इस प्रलयकारी दुर्घटना में शशिकला का दूसरा बेटा, 10 वर्षीय विराट चमत्कारिक रूप से बच गया है। उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए यादगिरि आयुर्विज्ञान संस्थान (आईएमएस) में भर्ती कराया गया है।
रायचूर का रहने वाला था परिवार
पुलिस के अनुसार, कार सवार सभी लोग रायचूर जिले के सिरवार तालुक के रहने वाले थे। सभी लोग यादगिरि से अपने घर लौट रहे थे। वहीं, निजी बस बेंगलुरु से कलबुर्गी की ओर जा रही थी। गनीमत यह रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें समय रहते वाहन से बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।(भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






