कविता के पत्र से भाजपा को लाभ : जग्गा रेड्डी
हैदराबाद, प्रदेश कांग्रेस वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक जग्गा रेड्डी ने कहा कि कविता के पत्र मामले के चलते बीआरएस कैडर व नेताओं के भाजपा में जाने का खतरा है। कविता के पत्र से भाजपा को लाभ हो सकता है। जग्गा रेड्डी ने आज एक वक्तव्य में कहा कि तेलंगाना विधानसभा चुनाव होने में अभी तीन वर्ष का समय है, फिर भी कांग्रेस नेताओं के लिए सतर्क होने का समय आ गया है। कविता के पत्र से कांग्रेस को कोई खास नुकसान नहीं होगा।
पार्टी मजबूत है और कांग्रेस पार्टी किसी राजनीतिक संकट में नहीं है। राज्य की राजनीति में कांग्रेस पहले स्थान पर है…बीआरएस दूसरे और भाजपा तीसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से कविता द्वारा लिखे गए पत्र पर चर्चा हो रही है। सभी राजनीतिक दलों के आंतरिक मुद्दे होते हैं। केसीआर परिवार में पत्र को लेकर विवाद जारी है। कविता के पत्र प्रकरण पर तरह-तरह की खबरें आ रही हैं।
यह भी पढ़ें… बेटी की पाती पिता के नाम, कविता का केसीआर को लिखा कड़ा पत्र वायरल
बीआरएस विवाद और भाजपा में संभावित संक्रमण का असर
चर्चा हो रही है कि कविता नई पार्टी शुरू करेंगी, लेकिन तेलंगाना की राजनीति में कांग्रेस मजबूत बनी रहेगी। राज्य के विभाजन के बाद केसीआर को दस साल के लिए मौका दिया गया और बाद में कांग्रेस को मौका मिला है। उन्होंने कहा कि केसीआर परिवार में जारी विवाद से बीआरएस को ही नुकसान होगा। वे इस बात पर विचार कर रहे हैं कि इससे कैसे बाहर निकला जाए। पारिवारिक झगड़े से बीआरएस कैडर निराश होगा और भाजपा में जाने की संभावना है।
कविता केसीआर को भगवान बताते हुए उनके राजनीतिक जीवन को दफन कर रही हैं। बीआरएस राजनीतिक आत्महत्या करते हुए भाजपा को बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने भविष्य को ध्यान में रखते हुए सतर्क रहना चाहिए। कांग्रेस नेतृत्व को बीआरएस के कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की ओर आकर्षित करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने टिप्पणी की कि केसीआर की बेटी होने से कविता को मीडिया में प्राथमिकता दी जाती है। कविता के कारण राजनीति में कोई बदलाव नहीं आयेगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






