संजीव अरोड़ा पर ईडी रेड को लेकर केजरीवाल का मोदी पर हमला

नयी दिल्ली, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा के घर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना करते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में केंद्र सरकार ने राज्य को ‘‘प्रताड़ित’’ किया है।

अधिकारियों ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनशोधन से जुड़ी जांच के तहत अरोड़ा और उनसे कथित रूप से जुड़े कुछ अन्य लोगों के परिसरों पर शनिवार को फिर से छापे मारे। उन्होंने बताया कि अरोड़ा का चंडीगढ़ स्थित आधिकारिक आवास भी उन पांच परिसरों में शामिल है जिन पर छापेमारी की गई। केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘जैसे ही बंगाल चुनाव खत्म हुए, मोदी जी ने पंजाब में रोज ईडी की छापेमारी शुरू कर दी है। पिछले कुछ साल में मोदी जी ने पंजाब के साथ बहुत धोखा किया है। पंजाबियों को तरह-तरह से प्रताड़ित किया है।’’

केजरीवाल ने कहा, ‘‘पंजाब गुरुओं की धरती है। कई सौ साल पहले औरंगजेब ने जुर्म और अत्याचार के जरिए देश के कई भागों पर कब्जा कर लिया। मोदी जी ने भी बेईमानी से देश के कई हिस्सों पर कब्जा लिया है।…मोदी जी भी अब पंजाब पहुंचे हैं। मोदी जी भी पंजाबियों पर अत्याचार कर रहे हैं। पर गुरुओं ने कुर्बानी देकर औरंगजेब का सामना किया और लोगों को बचाया। आज गुरुओं की कुर्बानी से प्रेरणा लेकर पंजाब मोदी जी के अत्याचार का सामना करेगा और पूरे देश को उनके अत्याचार से बचाएगा।’’

पंजाब के किसानों के बाद अब पूरे राज्य को ललकारा गया : केजरीवाल

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, ‘‘पंजाब के पानी पर हमला किया, पंजाब विश्वविद्यालय को लेने की कोशिश की, ग्रामीण विकास का पैसा रोक लिया और अब ईडी की ताबड़तोड़ ‘रेड’ शुरू कर दी। अशोक मित्तल के यहां ‘रेड’ हुई, अगले दिन उनको भाजपा में शामिल करवा लिया।’’

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इसका मतलब ईडी की छापेमारी का मकसद चोरी का पैसा ढूंढ़ना नहीं था। केवल अशोक मित्तल को तोड़कर उन्हें भाजपा में शामिल करवाना था। कुछ दिन पहले संजीव अरोड़ा के यहां भी छापेमारी हुई। वह भाजपा में शामिल नहीं हुए तो उनके यहां फिर से छापेमारी करवा दी।’’ केजरीवाल ने कहा, ‘‘कुछ वर्ष पहले मोदी जी ने पंजाब के किसानों को ललकारा था और उन्हें किसानों के आगे झुकना पड़ा। आज मोदी जी ने पूरे पंजाब को ललकारा है।’’(भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button