केरल चुनाव: गिनती जारी, UDF आगे; 12 मंत्री पीछे

तिरुवनंतपुरम, केरल में नौ अप्रैल को हुए विधानसभा चुनावों के मतों की गिनती जारी रहने के बीच कम से कम 12 मंत्री अपने-अपने क्षेत्रों में पीछे हैं। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन अपनी मौजूदा सीट धर्मदम में पिछड़ रहे है, जिसे उनका गढ़ माना जाता है और जहां उनका गांव पिनराई पड़ता है।
विभिन्न खबरों के अनुसार, मंत्री वीना जॉर्ज, एम बी राजेश, ओ आर केलू, आर बिंदू, जे चिंचूरानी, पी राजीव, के बी गणेश कुमार, वी एन वासवन, वी शिवनकुट्टी, वी अब्दुरहमान, ए के शशीद्रन और रोशी ऑगस्टीन अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में पीछे हैं। कांग्रेस नीत यूडीएफ 90 से अधिक सीटों पर आगे है, जबकि एलडीएफ 40 से कुछ अधिक सीटों पर आगे है। खबरों के अनुसार, भाजपा नीत राजग चार विधानसभा क्षेत्रों में आगे है।
केरल विधानसभा चुनाव : मतगणना के शुरुआती घंटों में कांग्रेस नीत यूडीएफ को बड़ी बढ़त
केरल विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को जारी मतों की गिनती के रुझानों में कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने बड़ी बढ़त बना ली है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, कांग्रेस 57 सीट पर, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) 31 सीट पर, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) 21 सीट पर और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) 10 सीट पर आगे है।
यह भी पढ़े : असम में हिमंत व गौरव ने शुरुआती बढ़त हासिल की, भाजपा 17 सीट पर आगे
आयोग के अनुसार, केरल कांग्रेस सात, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी तीन, केरल कांग्रेस (एम) दो और भारतीय जनता पार्टी एक सीट पर आगे है। रुझान यूडीएफ के इस दावे के अनुरूप दिख रहे हैं कि उसे भारी बहुमत मिलेगा। केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने कहा कि यह राज्य में यूडीएफ के पक्ष में रुझान का संकेत है। उन्होंने विश्वास जताया कि यूडीएफ 100 सीट के आंकड़े तक पहुंचेगा। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



