कोठी गोलीकांड लूट : पुराने शहर में आरोपियों की तलाश तेज
हैदराबाद, हैदराबाद में पुराने शहर के कोठी इलाके में शनिवार सुबह हुई एटीएम सेंटर लूट और व्यापारी पर फायरिंग की घटना ने शहर में सनसनी फैलाई है। घायल कारोबारी अब्दुल रिंशाद की पैर में गोली लगी, जबकि अपराधी स्कूटर लेकर फरार हो गए। हैदराबाद पुलिस की विशेष जांच टीमें मामले का खुलासा करने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं, लेकिन अब तक आरोपियों का कोई ठोस सुराग नहीं मिला।
अपनी हाईटेक तकनीक से जटिल से जटिल मामलों को सुलझाने, साइबर अपराधियों को पकड़ने के लिए देश भर में विख्यात हैदराबाद पुलिस के हाथ कोठी की सनसनीखेज लूट मामले में अब तक खाली है। हैदराबाद पुलिस की कई टीम आरोपियों की पहचान, सुराग को लेकर विशेषकर पुराने शहर के कई क्षेत्रों में तलाशी कर रही है। उल्लेखनीय है कि केरल निवासी व्यापारी अब्दुल रिंशाद शनिवार सुबह करीब 7 बजे कोठी के बैंक स्ट्रीट रोड स्थित एक एटीएम सेंटर पर नकदी जमा करने पहुंचा था।
कोठी एटीएम लूट: व्यापारी घायल, आरोपियों की तलाश जारी
इसी दौरान दो बदमाशों ने उसे धमकाने के बाद देशी कट्टे से दो राउंड फायरिंग की। गोली रिंशाद के पैर में लगी, जिससे वह जमीन पर गिर गया। घटना के बाद आरोपियों ने रिंशाद की स्कूटर की चाबी छीन ली और उसी वाहन से फरार हो गए। इसके बाद आरोपी काचीगुडा रेलवे स्टेशन के निकट पकड़े बदलकर और रेलवे स्टेशन की दिशा में पैदल निकल गए। घटना के खुलासे के लिए हैदराबाद पुलिस ने विशेष जांच टीमें गठित करने के बाद बावजूद अब तक कोई बड़ा सुराग हाथ नहीं लग पाया है।
पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, हालांकि अभी तक मामले में कोई ठोस सफलता नहीं मिली।
सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने एर्राकुंटा, पहाड़ी शरीफ, शाहीन नगर और सादत नगर इलाकों में भी तलाशी अभियान चलाया। बताया जा रहा है कि आरोपी एक ऑटो-रिक्शा किराए पर लेकर इन क्षेत्रों की कॉलोनियों और झुग्गी इलाकों की ओर गए थे, लेकिन तलाशी के दौरान कोई निर्णायक सुराग नहीं मिल सका।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी नगर में लगातार जगह बदलते रहे और फिर अचानक गायब हो गए। आरोपियों की पहचान को लेकर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बताया जा रहा है कि इस वारदात की पहले से सुनियोजित योजना बनाई गई थी और बदमाश मौके की तलाश में थे। इधर, पुलिस ने घायल कारोबारी अब्दुल रिंशाद का बयान दर्ज कर लिया है। शनिवार को सर्जरी कर पैर से गोली निकाल दी गई। फिलहाल उससीकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज लूटकांड का खुलासा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



