रियल्टर्स को लेकर चिंता जताई केटीआर ने
हैदराबाद, भारत राष्ट्र समिति (भारास) कार्यकारी अध्यक्ष कल्वाकुंट्ला तारक रामाराव ने कहा कि पूर्व के. चंद्रशेखर राव के शासन में जो नगर हैदराबाद सौभाग्यनगर के रूप में जाना जा रहा था, वह इस कांग्रेस सरकार के असमर्थ शासन में अपनाई गयी गलत नीतियों के चलते 15 महीनों में ही अभाग्यनगर बन चुका है।
केटीआर ने एक्स पर कांग्रेस सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि हैदराबाद डिसास्टर रेस्पांस एंड एसेट प्रोटेक्शन एजेंसी (हैद्रा) व मूसी सौंदर्यीकरण को लेकर गरीबों के घरों पर बुल्डोजर चलाए गए और अमीरों से सेटलमेंट किए गए, जिसके कारण रियल एस्टेट धड़ाम से गिर चुका है। उन्होंने कहा कि हैदराबाद में गत तीन महीने में घरों की खरीद में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
49 प्रतिशत तक घरों की बिक्री गिर चुकी है वहीं ऑफिस लीज भी पाताल में जा चुकी है जो वर्ष 2025 जनवरी से मार्च के बीच 41 प्रतिशत तक गिर चुकी है। केटीआर ने मूसी व हैद्रा की आड़ में कांग्रेस नेताओं को गिद्ध करार देते हुए कहा कि कांग्रेसी नोटों की गठरियां बांध रहे हैं जिसके चलते रियल एस्टेट व्यापारी चिंता में हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में अन्नदाता ही नहीं, बेचारे रियल एस्टेट व्यापारी तक आत्महत्याएं करके जानें दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें… राज्य में प्रजा को पीड़ित करने वाला शासन : केटीआर
एपी सरकार को लिखा पत्र
केटीआर ने पास्टर प्रवीण पगडाला की मौत पर गहरा दुःख जताया और उनकी मौत के कारणों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए आंध्र प्रदेश सरकार को पत्र लिखा। केटीआर ने लिखा कि प्रवीण की संदेहास्पद मौत को लेकर ईसाई समुदाय काफी चिंतित है इसलिए एपी सरकार मामले की जाँच कराए। ज्ञातव्य है कि हिन्दू सनातन धर्म के विरुद्ध बयानबाजी को लेकर चर्चा में रहे प्रवीण की गत 25 मार्च को संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



