ममकूटाथिल केस में वकील का बयान दर्ज
तिरुवनंतपुरम, केरल में पलक्कड़ के विधायक राहुल ममकूटाथिल के खिलाफ कई महिलाओं के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने के मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) ने सोमवार को एक वकील का बयान दर्ज किया। सूत्रों ने बताया कि कोच्चि के वकील शिंटो सेबेस्टियन ने इससे पहले कांग्रेस विधायक के खिलाफ कई महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय के एक सदस्य द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर एर्नाकुलम सेंट्रल पुलिस में शिकायत दर्ज करायी थी।
अपराध शाखा के अधिकारियों वाली एसआईटी ने दोपहर से पहले अपने कार्यालय में वकील का बयान दर्ज किया। विधायक के खिलाफ शून्य-प्राथमिकी दर्ज होने के बाद, एर्नाकुलम सेंट्रल पुलिस ने सेबेस्टियन की शिकायत एसआईटी को भेज दी थी। अपराध शाखा के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सेबेस्टियन का कथित दुर्व्यवहार की घटनाओं से कोई सीधा संबंध नहीं है।
सेबेस्टियन ने महिला सुरक्षा और शिकायतों पर उठाया मुद्दा
सेबेस्टियन ने अपना बयान देने के बाद पत्रकारों से कहा कि उन्होंने छह समाचार वीडियो लिंक जमा किए हैं, जिनमें से एक में एक टेलीफोन बातचीत भी शामिल है जिसमें ममकूटाथिल ने कथित तौर पर एक महिला पर गर्भपात कराने का दबाव डाला था। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने बाल अधिकार आयोग में एक याचिका दायर की है।
सेबेस्टियन ने कहा कि कांग्रेस समर्थकों द्वारा आनलाइन धमकी आदि के भय से कई महिलाएं आगे आने से हिचकिचा रही हैं। उन्होंने कहा, ‘एक सुरक्षित माहौल बनाया जाना चाहिए ताकि प्रभावित महिलाएं बिना किसी भय के सीधे अधिकारियों से संपर्क कर सकें। तभी ममकूटाथिल जैसे व्यक्ति को विधानसभा में आने से रोका जा सकेगा।’’
यह भी पढ़े : हाथरस में कार व पिकअप वाहन की टक्कर में दो युवकों की मौत
अपराध शाखा के अनुसार, एसआईटी को अब तक 15 शिकायतें मिली हैं, जो सभी उन व्यक्तियों द्वारा दर्ज करायी गई हैं, जिनका कथित घटनाओं से सीधा संबंध नहीं है। पिछले सप्ताह, विधायक के खिलाफ बीएनएस की धारा 78(2) (महिला का पीछा करना) और 351 (आपराधिक धमकी) के साथ-साथ केरल पुलिस अधिनियम की धारा 120(O) (किसी भी माध्यम से परेशान करना) के तहत एक शून्य-प्राथमिकी दर्ज की गई थी। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



