सांसद तेजस्वी सूर्या के मामले में ली जाएगी कानूनी राय
हैदराबाद, तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक बी. शिवधर रेड्डी ने कहा कि भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या द्वारा तेलंगाना को लेकर की गई विवादास्पद टिप्पणी को लेकर कार्रवाई करने के लिए कानूनी राय ली जाएगी। सांसद ने अपनी टिप्पणी में तेलंगाना के गठन की तुलना भारत-पाकिस्तान विभाजन से की थी।
इस टिप्पणी को लेकर सांसद तेजस्वी सूर्या के खिलाफ कार्रवाई करने की माँग तेज हो गई है। इसे ध्यान में रखते हुए शिवधर रेड्डी ने कहा कि सांसद के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए विधि विशेषज्ञों से कानूनी राय प्राप्त की जाएगी। गौरतलब है कि भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने गुरुवार को संसद में यह विवादास्पद टिप्पणी की थी। इस टिप्पणी को गंभीरता से लेते हुए परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने सांसद के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखा।
यह भी पढ़ें… रामचंदर राव ने किया सांसद तेजस्वी सूर्या के बयान का बचाव
करीमनगर में अलाइव अराइव कार्यक्रम में भाग ले रहे शिवधर रेड्डी ने मीडिया से बातचीत के दौरान सवाल करने पर कहा कि पोन्नम प्रभाकर का पत्र उन्हें प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुसार संसद में की गई टिप्पणी को लेकर कार्रवाई करना संभव नहीं है और सांसद के खिलाफ संसद में ही कार्रवाई की जानी चाहिए। संभावना न रहने के बावजूद भी वे इस मामले को लेकर विधि विशेषज्ञों की राय प्राप्त करेंगे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






