त्योहारों पर बनाएँ हलवा, खीर और पूरी
व्रत या खास त्योहारों के दिन बनाए जाने वाले पारंपरिक व्यंजन स्वाद और श्रद्धा का अनूठा संगम होते हैं। चाहे वह नवरात्रि का उपवास हो या किसी विशेष दिन का भोग- राजगिरा हलवा, खीर और पूरियाँ ऐसे व्यंजन हैं जो न सिर्फ पेट को तृप्त करते हैं, बल्कि मन को भी प्रसन्नता से भर देते हैं। नीचे हम तीन स्वादिष्ट और शुद्ध सात्विक व्यंजनों की विधि साझा कर रहे हैं, जिन्हें आप व्रत के अवसर पर आसानी से घर पर बना सकते हैं।
राजगिरे के आटे का हलवा
सामग्री : 150 ग्राम राजगिरा आटा, आधा कटोरी शक्कर, पाव चम्मच इलायची पावडर, पाव कटोरी कटे मेवे, घी आवश्यकतानुसार व एक गिलास गरम पानी।

विधि : सबसे पहले राजगिरा आटे को छान लें। एक कड़ाही में घी गरम करके आटे को धीमी आंच पर तब तक सेकें, जब तक कि आटे में से भीनी-भीनी खुशबू न आने लगे। राजगिरे की घी में अच्छी तरह सिकाई होने के बाद उसमें गरम पानी डालें व अच्छी तरह हिलाएं। अब शक्कर डालें व हिलाती रहें। जब हलवे का मिश्रण कड़ाही के किनारे छोड़ने लगे तब गैस बंद कर दें। इलायची और मेवे मिलाकर ढंक दें। अब तैयार राजगिरा हलवे का भोग लगाएं।
खीर
सामग्री – एक कटोरी बासमती चावल, आधी कटोरी चीनी, तीन कटोरी दूध, इलायची, केसर और मेवे के कतरन।

विधि – चावल को धोकर आधे घंटे के लिए भीगा दें। दूध को उबाल लें और उसमें भीगे हुए चावल डाल कर उसे नर्म होने तक पका लें। चावल जब पक जाए तब उसमें चीनी डाल दें। चीनी के घुलने के बाद दो उबाल आने तक इस पकाएँ और फिर इसमें इलायची पावडर, केसर और मेवे डाल कर अच्छे से मिलाएँ। एक बात का ध्यान रखें की पकाते समय दूध बर्तन के तले पर ना चिपके। इसके लिए उसे लगातार चलाते रहें। अब इस आँच से उतार लें। भोग के लिए खीर तैयार है।
यह भी पढ़े: लीजिए विभिन्न प्रकार के चिल्लों का स्वाद
पूरी
सामग्री – ढाई कप आटा, पाव कप सूजी, आधी छोटी चम्मच आजवाईन, नमक स्वादानुसार, 2 चम्मच तेल मोयन के लिए, पूरी तलने के लिए तेल या घी।

विधि – आटे में सूजी, अजवाईन, नमक और मोयन डाल कर अच्छे से मिला लें। अब इसे पानी से अच्छे से कड़ा आटा गूंथ कर गीले कपड़े से ढक कर 15 मिनट तक रख दें। एक कड़ाही में पूरी तलने के लिए तेल गर्म करें। आटे को फिर से तेल लगे हाथों से मसल कर चिकना कर लें और पूरियाँ बेलने के लिए छोटी-छोटी लोइयाँ तोड़ लें। अब इसकी पूरियाँ बेल कर एक थाली में अलग-अलग रखती जाएँ। तेल के अच्छे से गर्म होने पर तेज आँच पर ही उसमें पूरियाँ डाल कर तलती जाएँ। पूरियों को फुलाने के लिए उन्हें छारे से हल्के से दबाना ना भूलें। पूरियाँ भी तैयार हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



