एकतरफा प्रेम के चलते युवक की हत्या करने वाला गिरफ़्तार
हैदराबाद, नगर के सीमांत क्षेत्र की शमशाबाद पुलिस ने एकतरफा प्रेम प्रसंग के चलते युवक की हत्या करने वाले हत्यारे कैब चालक बापुरम रत्नम (27) को आज सुबह बोराबंडा से गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि गत 25 दिसंबर की सुबह विन सिटी वेंचर कवेलीगुड़ा ग्राम से हत्या के शिकार पेशे से नाई जम्पुला महेश (24) का खून में लथपथ शव बरामद किया गया था। वेंकटापुर ग्राम, मोइनाबाद निवासी महेश की माँ की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन प्रारंभ की। छानबीन के दौरान आज सुबह रत्नम को गिरफ्तार कर लिया गया।
शमशाबाद पुलिस ने बताया कि कैब चालक रत्नम मूलत लखनापुर ग्राम, परिगी मंडल, विकाराबाद ज़िले का रहने वाला है। वह पति से अलग होकर रह रही नागलक्ष्मी उर्फ मेघना (26) से एकतरफा प्रेम करता था। नागलक्ष्मी का हत्या के शिकार जम्पुला महेश के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इधर महेश के साथ प्रेम प्रसंग के चलते मेघना ने अपने पति से तलाक लेने के लिए आवेदन कर रखा था। इन दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की जानकारी रत्नम को लग गई।
यह भी पढ़ें… मोहर्रम के बहाने अपहरण व सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश मामले में 6 को सजा
रत्नम ने महेश को कुल्हाड़ी से मारकर हत्या की
रत्नम ने महेश से संपर्क कर उसे डरा-धमकाकर नागलक्ष्मी का पीछा छोड़ने के लिए कहा। इसके विपरीत महेश ने उससे कहा कि वह नागलक्ष्मी से विवाह करने वाला है। इस कारण रत्नम ने उसी समय महेश को रास्ते से हटाने की ठान ली और इसके लिए साजिश रची। साजिश के तहत उसने एक कुल्हाड़ी खरीदी और उसे घटनास्थल के पास ले जाकर छुपा दिया। गत 24 दिसंबर की रात रत्नम ने महेश का पीछा किया और विन सिटी वेंचर, कवेलीगुड़ा के पास उसका रास्ता रोक लिया। रत्नम ने उस पर पहले मिर्च पाउडर फूँका और इसके बाद कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने इस मामले में सेलफोन नंबरों के आधार पर नागलक्ष्मी से बातचीत की। नागलक्ष्मी ने पुलिस को बताया कि रत्नम उसे और महेश को धमकी भरे मैसेज भी भेज रहा था और उसने महेश की हत्या के पीछे रत्नम पर संदेह जताया। संदेह के आधार पर पुलिस ने छानबीन कर आज सुबह बोराबंडा से रत्नम को गिरफ्तार कर लिया। रत्नम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






