हैदराबाद, नगर के सीमांत क्षेत्र मेदक बंदामीडी पल्ले में अज्ञात हमलावरों ने एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बलेश (37) के रूप में हुई है, जो उसी गांव का निवासी था। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने बलेश पर बेरहमी से हमला कर हत्या कर दी।
परिजनों ने आज सुबह बलेश को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रामायमपेट के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में अवैध संबंध को हत्या की वजह माना जा रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषियों की तलाश जारी है।
पत्नी की हत्या बेटी की हत्या का प्रयास करने वाला गिरफ्तार
सिद्दीपेट की टू-टाउन पुलिस ने पत्नी की हत्या तथा बेटी को जान से मारने की कोशिश के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।पुलिस ने बताया कि गत 18 जनवरी को बेक्कल गांव के दुन्नपोटुला एलय्या ने पत्नी दुन्नपोटुला श्रीलता के चरित्र पर शक करते हुए सोते समय श्रीलता के सिर पर पत्थर से वार किया और चाकू से उसका गला काट कर हत्या कर दी।
अपनी बेटी हर्षिता के सिर पर भी पत्थर से वार किया और चाकू से उसे जान से मारने की कोशिश की। इसके बाद आरोपी ने स्वयं का गला काटकर आत्महत्या करने की भी कोशिश की। पुलिस ने मृतक श्रीलता के पिता शिवरात्रि पोचय्या की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इंस्पेक्टर उपेंद्र ने बताया कि हर्षिता का हैदराबाद के अस्पताल में इलाज चल रहा है, उसकी स्थित लगातार गंभीर बनी हुई है।
