मारवाड़ी युवा मंच, ग्रेटर हैदराबाद के शिविर में सेवा जारी
हैदराबाद, मारवाड़ी युवा मंच, ग्रेटर हैदराबाद द्वारा फीलखाना के विष्णु फायर वर्क्स के प्रांगण में आठ दिवसीय 15वाँ कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर आज सांतवें दिवस भी जारी रहा जिसमें बड़ी संख्या में दिव्यांगों ने आकर सेवाओं का लाभ उठाया।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में शिविर के मुख्य संयोजक इन्द्र मेहता ने बताया कि अभी तक कुल 602 दिव्यांगों ने माप दिया है। इसमें 125 दिव्यांगों को दोनों पैर नहीं थे। कृत्रिम पैरों के अलावा अभी तक 35 मैकेनिकल कृत्रिम हाथों व 70 सामान्य कृत्रिम हाथों सहित बैसाखी, ट्राई साइकिल व विशेष जूते दिव्यांगों को वितरित किए गए हैं।
महामंत्री जितेन्द्र मुणोत ने बताया कि सिलिगुड़ी से आए कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण विशेषज्ञ सूर्य नारायण पांडे व उनकी टीम की जितनी सराहना की जाए उतनी कम है क्योंकि यह लगातार पिछले सात दिनों से बिना आराम किए 18 घंटे काम कर रहे हैं। तेलगांना के सभी जिलों व राज्य की सीमा से सटे महाराष्ट्र व कर्नाटक से भी दिव्यांग इस शिविर का लाभ लेने हेतु सैकड़ों की संख्या में पधार रहे हैं। दूर-दराज से आने वाले दिव्यांगों व उनके परिवारजनों के रहने व खाने की भी नि:शुल्क उचित व्यवस्था सिद्दिअम्बर बाजार स्थित बाहेती भवन में की गई है।
कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण विशेषज्ञ सूर्यनारायण पांडे ने कहा कि बड़ी संख्या में पंजीकरण होने के कारण उनकी टीम के सदस्य बिजय मिश्रा, विनोद पांडे, आदित्य शुक्ला, अखिलेश पांडे व वीरू पांडे समर्पण भाव से पिछले सात दिनों से लगातार 18 घंटे काम कर रहे हैं। युवा मंच की विभिन्न शाखाओं के माध्यम से देश के लगभग सभी हिस्सों में पिछले 22 वर्षों के अनुभव के साथ उनके नेतृत्व में अभी तक 2.50 लाख से ज्यादा कृत्रिम अंगों का निर्माण कर दिव्यांगों को वितरित किया गया है।

मुख्य अतिथियों और बच्चा पार्टी ने शिविर का अवलोकन कर सेवा को सराहा
सूर्यनारायण पांडे ने सेवा व सत्कार के साथ उनकी संपूर्ण टीम का विशेष ध्यान रखने हेतु ग्रेटर हैदराबाद शाखा के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों को धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया। मंच के अध्यक्ष महेन्द्र भंडारी ने बताया कि आज शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पार्षद शंकर यादव, ठाकुर भगत सिंह, भरत ओझा, अशोक पंडित, अधिवक्ता मोहित जैन व फीलखाना स्थित सुख-शांति अपार्टमेंट की बच्चा पार्टी ने पधारकर अवलोकन किया।
यह भी पढ़े: ग्राम पंचायतों को 277 करोड़ जारी किया सरकार ने
सुख शांति अपार्टमेंट से पधारे बच्चा पार्टी से मंच के सदस्य गौतम सालेचा के पुत्र किवांश सालेचा ने पापा सहित उनके सभी मित्रों को सेवा के लिए धन्यवाद व आभार देते हुए कहा कि वो भी बड़े होकर आपकी तरह ही निर्धनों की सहायता व सेवा करेंगे। शिविर में पधारे लाभार्थियों, परिवार के सदस्यों व मुख्य अतिथियों का शॉल, माला व स्मृति चिह्न द्वारा बहुमान किया गया। आज के नए पंजीकरण सेवा में उदय गोल्डन शाखा के अध्यक्ष प्रीतम जैन, दिवेश बालड़ व संदीप जैन ने अपनी सेवाएँ प्रदान की। रविवार को भी शिविर सुबह 9 से सायं 5 बजे तक जारी रहेगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



