एमडीएमए के सप्लाई करने वाले 2 गिरफ्त में

हैदराबाद, नववर्ष से पहले नशे और अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने शिकंजा कसते हुए एक के बाद एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। स्टेट टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने शहर और अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों व कच्ची शराब तैयार करने वालों के नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए कई मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एमडीएमए, गांजा, अवैध शराब तथा भारी मात्रा में कच्ची शराब बनाने की सामग्री जब्त की है।

आबकारी पुलिस की स्टेट टास्क फोर्स व अमीरपेट पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एनडीएमए की सप्लाई करने वाले 2 तस्करों को गिरफ्तार कर 1.4 ग्राम एमडीएमए जब्त किया।एसटीएफ के अधीक्षक एन. अंजी रेड्डी ने बताया कि टीम की सब-इंस्पेक्टर मंजू के नेतृत्व में अमीरपेट के बीरमगुड़ा इलाके से तोटा हनमंतु व बी. सुकुमार को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बेंगलुरु से एमडीएमए खरीदकर नगर में बिक्री करने का खुलासा किया। आरोपियों के पास से 1.4 ग्राम एमडीएमए के अलावा 2 सेलफोन्स भी जब्त किये गये। अमीरपेट की आबकारी पुलिस आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।

नशीले पदार्थों की अंतरराज्यीय तस्करी का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार

आबकारी पुलिस की स्टेट टास्क फोर्स ने निजी बस के जरिए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का पर्दाफाश करते हुए भारी मात्रा में नशीले पदार्थों को जब्त किया।एसटीएफ के अधीक्षक एन. अंजी रेड्डी ने बताया कि इंस्पेक्टर वेंकटेश्वरलू के नेतृत्व में बेंगलुरु से हैदराबाद की ओर आ रही बस को शेरिलिंगमपल्ली के पास रोककर तलाशी ली गई। बस में सामानों की जांच के दौरान 10 ग्राम ओजी कुश, 101 ग्राम गांजा, 5 एनडीपीएल शराब की बोतलों को जब्त किया गया।

इस मामले में, मोहम्मद हामिद, मोहम्मद आरिफ व हरीश को गिरफ्तार करते हुए आगे की कार्रवाई के लिए शेरिलिंगमपल्ली की आबकारी पुलिस के हवाले कर दिया गया। अधिकारी ने बताया कि आगामी नववर्ष पर मौज मस्ती के लिए ही बेंगलुरु से कम दाम में नशीले पदार्थों को खरीदकर हैदराबाद में सप्लाई की तैयारी चल रही थी।  शेरिलिंगमपल्ली की आबकारी पुलिस आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।

कच्ची शराब तैयार करने वाली भारी मात्रा में सामग्री जब्त, 4 गिरफ्तार

आबकारी पुलिस की स्टेट टास्क फोर्स ने दो अलग-अलग मामलों में कच्ची शराब तैयार करने वाली सामग्री के साथ 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया।आबकारी विभाग के महानिदेशक शाहनवाज कासिम ने बताया कि नलगोंडा एक्स रोड के पास अच्छमपेट व देवरकोंडा जा रही दो गाड़ियों को रोककर तलाशी ली गई।

अच्छमपेट जा रही मिनी वैन से 2016 किलो गुड़, 100 किलो फिटकरी जब्त की गई। इस मामले में अच्छमपेट के गट्टू वेणुगोपाल व वेंकटय्या को गिरफ्तार किया गया। दूसरे मामले में, किराए की कार से 600 किलो गुड, 100 किलो फिटकरी के साथ श्रीनु व शंकर नामक दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। बताया गया कि वे हैदराबाद से अवैध रूप गुड अपने गांव लेकर जा रहे थे। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई चल रही है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button