मेरठ : गौकशी का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
मेरठ (उप्र), मेरठ जिले में सरूरपुर थाना पुलिस ने गौकशी के प्रयास में कथित रूप से लिप्त एक बदमाश को मुठभेड़ के दौरान गोली लगने के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, स्कूटी, गौकशी में इस्तेमाल होने वाले औजार तथा एक जिंदा गाय बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात लगभग नौ बजे थाना सरूरपुर प्रभारी गौरव सिंह पुलिस बल के साथ हर्रा मोड़ पर निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खिवाई के जंगल में हिंडन नदी की पटरी के पास गन्ने के खेत में 7-8 लोगों ने एक गाय को काटने के उद्देश्य से बांध रखा है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। अधिकारी के अनुसार पुलिस को देखते ही आरोपियों ने गोलीबारी शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त आवेश (25) निवासी मेरठ के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार कर प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरूरपुर भेजा गया। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त के अन्य साथियों नदीम, शुएब, सलमान, शाद, उजैफ सहित 2-3 अज्ञात लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त आवेश का गोवध अधिनियम और शस्त्र अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत अपराधों समेत कई गंभीर मामलों में लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। इस संबंध में थाना सरूरपुर में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



