अंबेडकर जयंती तैयारियों की समीक्षा की मंत्री अदलुरी लक्ष्मण कुमार ने
हैदराबाद, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री अदलुरी लक्ष्मण कुमार ने टैंकबंड स्थित अंबेडकर प्रतिमा का दौरा किया और भारत रत्न डॉ. बी.आर. अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि तेलंगाना सरकार इस बार अभूतपूर्व भव्यता के साथ अंबेडकर जयंती का आयोजन करेगी।
मंत्री अदलुरी लक्ष्मण कुमार ने टैंकबंड स्थित अंबेडकर प्रतिमा एवं आस-पास के क्षेत्रों का अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।
मंत्री ने कहा कि राज्य के सभी जिलों से अंबेडकरवादी, विभिन्न जातीय संगठनों के नेता, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी और युवा बड़ी संख्या में टैंकबंड स्थित अंबेडकर प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करने आएंगे। इसे ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। मंत्री ने बताया कि बड़ी संख्या में लोगों के आगमन को देखते हुए मोबाइल शौचालय, विशेष स्वच्छता दल, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, यातायात नियंत्रण हेतु विशेष पुलिस बंदोबस्त, पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था, महिलाओं, वृद्धों और दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधाएं तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सुरक्षा निगरानी जैसी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
यह भी पढ़ें… नारी शक्ति वंदन अधिनियम नए युग का प्रारंभ : डी.के. अरुणा
125 फीट प्रतिमा स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी
अंबेडकर के जीवन और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रचार कार्यक्रम, छात्रों और युवाओं के लिए 125 फीट ऊंची प्रतिमा के पास सांस्कृतिक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही सभी जिलों में जयंती समारोह भव्य रूप से मनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। मंत्री ने 125 फीट ऊंची अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर चल रही तैयारियों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने निर्देश दिया कि जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए हर कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता का पालन किया जाए।
अवसर पर एससी कॉर्पोरेशन के चेयरमैन नागारी प्रीतम, एससी विकास विभाग के अतिरिक्त निदेशक सी. श्रीधर, वीसी एवं एमडी हनुमंत नायक, जेडी श्रीनिवास रेड्डी, प्रवीण कुमार रेड्डी, रामाराव, जयंती उत्सव समिति के सह-अध्यक्ष दोम्मटी सुदर्शन बाबू एवं अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



