सदन में सरकार पर भड़के विधायक बालमुकुंद

जयपुर, राजस्थान विधानसभा में बुधवार को बीजेपी विधायक बालमुकुंदाचार्य ने अपनी ही सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया। उन्होंने जयपुर परकोटा क्षेत्र में चल रहे स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उनके बयान के बाद कांग्रेस विधायकों ने सदन में शेम-शेम के नारे लगाने शुरू कर दिए।

बीजेपी विधायक के आरोपों का जवाब देते हुए यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत परकोटे में 152 करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 143 कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि 9 निर्माणाधीन हैं, जिनकी लागत 115 करोड़ रुपये है। उन्होंने बताया कि एक प्रोजेक्ट को लेकर शिकायत मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। मंत्री ने कहा कि थर्ड-पार्टी ऑडिट के लिए आईआईटी और एमएनआईटी जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं से जांच करवाई गई है और काम की गुणवत्ता में किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं पाई गई है।

यह भी पढ़ें… नाबालिगा का रेप करने वाले को उम्र कैद की सजा

बालमुकुंदाचार्य ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए

हालांकि मंत्री के जवाब से असंतुष्ट बालमुकुंदाचार्य भड़क गए। उन्होंने कहा कि पूरे प्रोजेक्ट की जांच महज एक अफसर के भरोसे है, जो पिछले साढ़े छह साल से वहीं जमे हुए हैं। अगर काम में कोई गड़बड़ी नहीं हुई, तो ये अधिकारी एडवांस रिटायरमेंट की फाइल क्यों लगा रहे हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में नियुक्त अधिकारी अभी भी अपने पदों पर बने हुए हैं और पिछले डेढ़ साल से लगातार शिकायतें मिलने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही।

बालमुकुंदाचार्य ने आरोप लगाया कि 800 करोड़ रुपये का बजट अधिकारी डकार रहे हैं और रिटायरमेंट की फाइलें लगा रहे हैं। उन्होंने यूडीएच मंत्री को मौके पर जाकर काम की वास्तविकता परखने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अगर मौके पर आपकी कही गई बात सही साबित होती है, तो मैं जो आप कहेंगे, करने को तैयार हूं। विधानसभा में इस मुद्दे पर तीखी बहस देखने को मिली, लेकिन सरकार ने किसी भी भ्रष्टाचार के आरोपों को नकारते हुए कहा कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में पारदर्शिता के साथ कार्य किए जा रहे हैं।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button