आपदाओं से निपटने के प्रभावी प्रबंधन हेतु मॉक ड्रिल महत्वपूर्ण : हरिचंदना दासरी
हैदराबाद, राजस्व आपदा प्रबंधन सचिव हरिचंदना दासरी ने कहा कि राज्य में बाढ़, औद्योगिक दुर्घटनाओं तथा जंगल की आग जैसी आपदाओं से निपटने के लिए आगामी 18 मई को राज्यस्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसके पूर्व 15 मई को टेबलटॉप एक्सरसाइज का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न विभागों के बीच समन्वय रूपरेखा तैयार की जाएगी।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, एकीकृत कमांड और नियंत्रण केंद्र में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान हरिचंदना दासरी ने कहा कि बाढ़, औद्योगिक दुर्घटनाओं और जंगल की आग जैसी आपदाओं के समय त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने में मॉक ड्रिल महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में किए गए अभ्यासों से आपदा स्थितियों के दौरान फील्ड स्तर की कमियों को पहचानने और आपदा प्रबंधन योजना को मजबूत करने में काफी मदद मिली।
यह भी पढ़ें… कृषि अनुसंधान सचिव ने किया भाकृअनुप-भाश्रीअनुसं का दौरा
मॉक ड्रिल से आपदा तैयारियों की होगी समीक्षा
हरिचंदना दासरी ने कहा कि इस तरह के अभ्यास जमीनी स्तर पर कमियों की पहचान करने में सहायक होते हैं और विभागों को व्यवस्थित तरीके से योजना और तैयारी में सुधार करने का अवसर प्रदान करते हैं। तेलंगाना अग्निशमन सेवा के महानिदेशक विक्रम सिंह मान ने जानकारी देते हुए कहा कि 18 मई को होने वाले मॉक ड्रिल में लगभग 60 विभाग तथा केंद्रीय एजेंसियाँ हिस्सा लेंगे।
हरिचंदना दासरी ने कहा कि इस वर्ष की तय योजना के अनुसार बाढ़ से संबंधित मॉक ड्रिल 13 जिलों में, औद्योगिक दुर्घटनाओं से संबंधित मॉक ड्रिल 5 जिलों में तथा जंगल की आग से निपटने का अभ्यास 4 जिलों में किया जाएगा। बैठक में नई दिल्ली से वर्चुअल रूप से जुड़े राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुख्य सलाहकार मेजर जनरल (सेवानिवृत) सुधीर बहल ने विस्तृत प्रस्तुति देते हुए केंद्र और राज्य सरकार की एजेंसियों की भूमिकाओं, राहत शिविरों की स्थापना, चिकित्सा तैयारियों तथा इंसिडेंट रिस्पांस सिस्टम के दिशा-निर्देशों पर चर्चा की।
अवसर पर सभी संबंधित विभागों को राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल को सफल बनाने के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अग्निशमन सेवा, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, स्वास्थ्य, वन, उद्योग तथा सेना सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



