घर बैठे ही होंगे डीएल के अधिकांश कार्य

हैदराबाद, तेलंगाना सरकार ने डिजिटल प्रशासन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी लगभग 17 सेवाओं को पूरी तरह फेसलेस बना दिया है। राज्य परिवहन विभाग की इस नई व्यवस्था के तहत अब नागरिकों को लाइसेंस संबंधी अधिकांश कार्यों के लिए आरटीओ कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
परिवहन आयुक्त डॉ. इलंबर्ती ने शुक्रवार को इस नई सुविधा की घोषणा करते हुए बताया कि आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से नागरिक अब अपने घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और बिचौलियों से मुक्त होगी। विभाग द्वारा शुरू की गई इन सेवाओं का लाभ फिलहाल आधिकारिक सारथी पोर्टल के माध्यम से लिया जा सकता है। अगले कुछ दिनों में ये सेवाएं एम परिवहन मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध करा दी जाएंगी। नई व्यवस्था के तहत कुल 17 सेवाओं को फेसलेस मॉड्यूल में शामिल किया गया है। इनमें ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण, डुप्लिकेट लाइसेंस, पता परिवर्तन, नाम संशोधन, फोटो और हस्ताक्षर अपडेट जैसी सुविधाएँ प्रमुख हैं।
यह भी पढ़ें… सिंगरेणी टीम ने अंतरराष्ट्रीय खदान बचाव प्रतियोगिताओं में दर्ज की जीत
इसके अलावा लर्नर लाइसेंस धारक भी अब ऑनलाइन संशोधन और डुप्लिकेट लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकेंगे। परिवहन विभाग का कहना है कि इस पहल से लोगों का समय बचेगा, आरटीओ कार्यालयों में भीड़ कम होगी और पूरी प्रक्रिया पेपरलेस बनेगी। नागरिक अब किसी भी समय अपने आवेदन की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे। परिवहन आयुक्त ने बताया कि यह पहल तेलंगाना में ई-गवर्नेंस को मजबूत करने और नागरिक सेवाओं को अधिक सरल एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



