म्युनिसिपल चुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था : डीजीपी शिवधर रेड्डी

हैदराबाद, तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक बी. शिवधर रेड्डी ने बताया कि राज्य के 7 नगर निगम और 116 नगर पालिकाओं में कल बुधवार को होने वाले मतदान के लिए सभी इंतज़ाम पूरे कर लिए गए हैं। मंगलवार को तेलंगाना पुलिस मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए, पुलिस महानिदेशक ने चुनाव सुरक्षा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य भर में बनाए गए 8,203 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा तैनात की गई है, जिनमें से 1,302 केंद्रों की पहचान अधिक संवेदनशील और 1,926 केंद्रों की पहचान संवेदनशील के तौर पर की गई है।

इन मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की गई है और सबसे अधिक संवेदनशील इलाकों में केंद्र के बाहर सर्विलांस कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए टीजीएसपी, वन विभाग, आबकारी, सीआईडी और लीगल मेट्रोलॉजी डिपार्टमेंट समेत करीब 3,000 अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि प्रचार का समय खत्म होने के बाद सोमवार शाम 5 बजे से साइलेंट पीरियड लागू हो गया और फिलहाल, विजिबल पुलिसिंग बढ़ा दी गई है और पेट्रोलिंग तेज कर दी गई है। उन्होंने कहा कि 27 जनवरी को चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद से पुलिस ने बड़े पैमाने पर छानबीन व जांच पड़ताल की है। इस दौरान कुल 1.29 करोड़ रुपये की नकदी समेत 3.09 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गयी है। इसके साथ ही 1.21 करोड़ रुपये की शराब, 15.7 लाख रुपये के ड्रग्स और 28.69 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने भी जब्त किये गये।

जिलों की सीमाओं पर 55 चेक पोस्ट से निगरानी

गैर-कानूनी ट्रैफिकिंग को रोकने के लिए पड़ोसी राज्यों के बॉर्डर पर 20 चेक पोस्ट और जिलों के बॉर्डर पर 55 चेक पोस्ट बनाए गए हैं और लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि विशेष कर महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा पर चेकिंग की जा रही है और इसके लिए 181 फ्लाइंग स्क्वॉड और 167 स्टैटिक सर्विलांस टीमें काम कर रही हैं।

पुलिस महानिदेशक ने बताया कि एहतियात के तौर पर पूरे राज्य में 1,183 लाइसेंसी हथियार जमा कर दिए गए हैं और कानून-व्यवस्था में खलल डालने वाले 4,318 असामाजिक तत्वों को बाउंड ओवर किया गया है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग मामलों में लंबित 398 गैर जमानती वारंट पर भी कार्रवाई की गयी। चुनाव नियमों के उल्लंघन के संबंध में अब तक 142 एफआईआर दर्ज की गई है। फील्ड लेवल के अधिकारियों को चुनाव करवाने की पूरी ट्रेनिंग पहले ही दी जा चुकी है। डीजीपी ने मतदाताओं से बिना किसी लालच या डर के वोट देने के अपने संवैधानिक अधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की। संवाददाता सम्मेलन में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) महेश मुरलीधर भागवत और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें… तेलंगाना आंदोलनकारियों को पेंशन और आवास स्थल पर सुनवाई स्थगित

फोरेंसिक लैब में अग्नि दुर्घटना की जाँच जारी

नामपल्ली में फोरेंसिक साइंस लैब में आग लगने की घटना पूरे राज्य में चर्चा का विषय बन गई है। इसी सिलसिले में पुलिस महानिदेशक शिवधर रेड्डी ने हाल ही में इसमें अहम मामलों से जुड़ी फाइलों के जलने की आ रही खबरों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

इस मामले को लेकर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि फोरेंसिक लैब में आग लगने की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि भले ही सर्वर रूम जल गया हो, लेकिन वे बैकअप के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से झूठ है कि वोट फॉर नोट केस की फाइलें जली हैं। उन्होंने कहा कि वोट फॉर नोट केस की फाइलें वर्ष 2021 में ही कोर्ट को सौंप दी गई थीं। इसी तरह शिवधर रेड्डी ने साफ किया कि फोन टैपिंग मामले में भी रिपोर्ट जमा कर दी गई है और 7 दूसरी अहम फाइलों से जुड़ा डाटा निकाला जा रहा है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button