मूसी नदी अवैध कब्जे : सांसद रघुनंदन राव ने सीएम को लिखा पत्र
हैदराबाद , मेदक से भाजपा सांसद एम. रघुनंदन राव ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को पत्र लिखकर “मूसी रिवर फ्रंट प्रोजेक्ट” को बचाने के लिए अवैध कब्जों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने की मांग की। नामपल्ली स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद रघुनंदन राव ने कहा कि मूसी नदी हैदराबाद की लाइफ लाइन हैं, हाल की बारिश के दौरान विशेषकर मूसी नदी के अतराफ रहने वालों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा, कई क्षेत्रों के नजारे देखकर आँखों पर भी यकीन नहीं हुआ।
इन्हीं विषयों को लेकर रघुनंदन राव ने पत्र में लिखा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद हैदराबाद में झीलों, नालों और एफटीएल (फुल टैंक लेवल) क्षेत्रों में धड़ल्ले से अवैध गतिविधियां चल रही हैं। प्रभावशाली रियल एस्टेट कंपनियां और बिल्डर्स बिना किसी रोक-टोक के बहुमंजिला इमारतें खड़ी कर रहे हैं।
अवैध निर्माणों से मूसी परियोजना पर संकट
रघुनंदन राव ने आरोप लगाया कि यह सब प्रशासन की नाक के नीचे हो रहा है। मूसी योजना पर राज्य सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन अवैध निर्माणों से इसका कोई लाभ जनता तक नहीं पहुंच पाएगा। पत्र में सांसद ने बताया कि पूर्व नगर प्रशासन मंत्री के.टी. रामाराव ने भी मूसी रिवर फ्रंट प्रोजेक्ट को लेकर विशेष रुचि दिखाई थी। इसके बावजूद हैरानी की बात है कि आज भी वही अवैध गतिविधियां लगातार जारी हैं।
यह भी पढ़े : सांसद रघुनंदन राव को दो महीने में छठी बार जान से मारने की धमकी
सांसद ने पत्र में यह भी बताया कि एचएमडीए ने पहले ही “स्पेशल ड्राइव” चलाकर एक केस (एफआईआर नंबर 1006/2023) दर्ज किया था। इसके बावजूद भू माफिया और बिल्डर्स पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसका फायदा उठाकर ही अवैध निर्माण दिन-ब-दिन तेज होते जा रहे हैं। रघुनंदन राव ने मुख्यमंत्री को सतर्क करते हुए बताया कि अगर इन निर्माणों पर तुरंत रोक नहीं लगी, तो हैदराबाद के नालों का प्राकृतिक प्रवाह बाधित हो जाएगा। इससे न केवल बाढ़ और जलभराव की समस्या बढ़ेगी, बल्कि मूसी परियोजना भी पूरी तरह बेकार हो जाएगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





