मानवता के कल्याण के लिए है नवकार मंत्र : ललितप्रभजी
हैदराबाद नवकार मंत्र जैन धर्म की एकता का बेजोड़ मंत्र है। यह केवल जैनियों का नहीं, पूरी मानवता के कल्याण का मंत्र है। नवकार मंत्र धरती के महापुरुषों को प्रणाम कर पापों को मिटाने और अहंकार को झुकाने का मंत्र है। जो व्यक्ति इस मंत्र का नियमित जाप करता है उस पर कभी बुरी नजर हावी नहीं होती है।
उक्त उद्गार खैरताबाद स्थित जैन आराधना भवन में आयोजित प्रवचन कार्यक्रम के दौरान नवपद ओली आराधना के समापन पर आयोजित तपस्वी एवं लाभार्थी अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्र संत श्री ललितप्रभजी महाराज ने दिये। समिति के अध्यक्ष प्रदीप सुराणा, महामंत्री अशोक कुमार नाहर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्र संत ने कहा कि अहंकार हटाइए, जीवन में विनम्रता लाइए।
यह भी पढ़ें… हर परिस्थिति को प्रभु का प्रसाद मानें : ललितप्रभजी
विनम्रता और अहंकार पर राष्ट्र संत का प्रवचन
ठंड में हड्डियाँ अकड़ जाती हैं, तो घमंड में जिंदगी। ठंड से बचने के लिए अलाव जलाइए और घमंड से बचने के लिए जीवन में मिठास लाइए। अहंकार अगर हथौड़ा है, तो विनम्रता चाभी है। हथौड़े से ताला टूटता है, पर चाभी से ताला खुलता है। अहंकारी व्यक्ति जहाँ घरवालों के दिल से भी उतर जाता है वहीं विनम्र व्यक्ति पड़ोसियों के दिल में भी जगह बनाने में सफल हो जाता है।
संतश्री ने कहा कि जब तक हम अकड़े रहेंगे, न तो हम ज्ञान हासिल कर पाएँगे और न ही औरों के समान बन पाएँगे। अंगुलियाँ जब तक अकड़ी रहती हैं तब तक छोटी-बड़ी रहती हैं और जैसे ही झुकती हैं तो सब समान हो जाती हैं। विनम्रता हमारे घर को स्वर्ग बना सकती है। रिश्ते खराब होने की वजह यही है कि लोग टूटना पसंद करते हैं, पर झुकना पसंद नहीं करते। खैरताबाद जैन आराधना भवन के अध्यक्ष उत्तमचंद भलगट और मंत्री प्रमोद भलगट ने बताया कि जैन आराधना भवन, नेमिनाथ जैन मंदिर के पास खैरताबाद में राष्ट्र संतों के सानिध्य में तपस्वियों और लाभार्थियों का अभिनंदन किया गया।
राष्ट्र संत श्री ललितप्रभजी और श्री चंद्रप्रभजी के विशेष प्रवचन व सत्संग समारोह का आयोजन 9 और 10 अक्तूबर को सुबह 9 से 11 बजे तक टी-19 रेसिडेंसी टॉवर, एमजी रोड, सिकंदराबाद में होगा। कार्यक्रम के पश्चात सभी के लिए भोजन प्रसादी का आयोजन होगा। कार्यक्रम आयोजक श्री सुमित पार्श्वनाथ जैन संघ ने सभी भाई बहनों से कार्यक्रम में भाग लेने और सभी को जानकारी देने का अनुरोध किया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



