सऊदी मिसाइल हमले में भारतीय की मौत नहीं: भारतीय दूतावास
नई दिल्ली: सऊदी अरब के एक रिहायशी क्षेत्र पर हुए ईरानी मिसाइल हमले में एक भारतीय नागरिक के मारे जाने की सूचना के कुछ घंटों बाद भारतीय दूतावास ने बड़ा अपडेट दिया है। अल खर्ज में शुक्रवार शाम हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में किसी भी भारतीय नागरिक की मौत नहीं हुई है। दूतावास ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि यह राहत की बात है कि घटना में भारतीयों की जान नहीं गई।
दूतावास ने बताया कि वह इस मामले में संबंधित सऊदी अधिकारियों के लगातार संपर्क में है। काउंसलर (सीडब्ल्यू) वाई. साबिर घटना के बाद शुक्रवार रात ही अल खर्ज पहुंचे और इस घटना में घायल भारतीय नागरिक से मुलाकात की। दूतावास के मुताबिक घायल भारतीय नागरिक का इलाज फिलहाल अल खर्ज के एक सरकारी अस्पताल में चल रहा है और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
सैकड़ों मिसाइल और ड्रोन हमलों से दहले खाड़ी देश
9 दिनों से जारी युद्ध के दौरान ईरान की ओर से खाड़ी और अन्य देशों को निशाना बनाकर किए गए सैकड़ों मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच सऊदी अरब का यह बयान रविवार शाम को आया। अरब लीग के प्रमुख अहमद अबुल घेइत ने रविवार को एक राजनयिक बैठक में अरब देशों पर हमले की ईरान की ‘अविवेकपूर्ण नीति’ की कड़ी आलोचना की।
मिडिल ईस्ट में तबाही मचा रहा ईरान-यूएस युद्ध
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दावा है कि उसके हमलों के बाद ईरान ने पश्चिम एशिया के अपने उन पड़ोसियों से माफी मांग ली है, जहां ईरान ने हवाई हमले किए, लेकिन मीडिया रिपोर्ट तो कुछ और ही हालात बयां कर रही हैं। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने स्पष्ट किया कि ईरान अपने ऊपर हमला करने वालों के खिलाफ मजबूती से खड़ा है और ताकत से जवाब देगा। ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक राष्ट्रपति ने यह बार अस्पताल में भर्ती अपने नागरिकों से मिलने के बाद यह बयान दिया। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



