माओवादी नेता गणपति के सरेंडर की कोई जानकारी नहीं : शिवधर रेड्डी
पेद्दापल्ली, राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) बी. शिवधर रेड्डी ने माओवादी संगठन के शीर्ष नेता मुप्पला लक्ष्मण राव उर्फ गणपति के आत्मसमर्पण की खबरों पर स्पष्ट किया कि उनके पास इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।गोदावरी खनी में आर्म्ड रिजर्व पुलिस क्वार्टर्स के उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए डीजीपी शिवधर रेड्डी ने कहा कि गणपति को स्वयं यह स्पष्ट करना होगा कि वह कब हथियार छोड़कर मुख्यधारा में शामिल होना चाहता है।
शिवधर रेड्डी ने अर्बन नक्सल के मुद्दे पर भी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि तेलंगाना में ऐसे किसी नेटवर्क की मौजूदगी नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस सतर्क है और किसी भी प्रकार की नक्सली गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अवसर पर डीजीपी ने सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान अराइव-अलाइव का भी जिक्र करते हुए बताया कि प्रजा पालना कार्यक्रम के तहत इस अभियान को पूरे राज्य में प्रभावी तरीके से लागू किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
यह भी पढ़ें… हयातनगर में डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण शीघ्र : श्रीधर बाबू
शिवधर रेड्डी ने कहा कि इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी, गांव स्तर तक सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम किया जा सके। कार्यक्रम में पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक महेश भागवत, वरंगल रेंज के आईजी चंद्रशेखर रेड्डी, रामागुंडम के पुलिस आयुक्त अंबर किशोर झा, करीमनगर के पुलिस आयुक्त गौस आलम व कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



