उस्मानिया यूनिवर्सिटी प्लास्टिक-फ्री कैंपस ओर बढ़ाया कदम
हैदराबाद, उस्मानिया यूनिवर्सिटी ने अपने कैंपस को प्लास्टिक-फ्री जोन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए साहस एनजीओ के सहयोग से एक प्लॉगिंग कार्यक्रम आयोजित किया।बताया गया कि यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर बायोडायवर्सिटी एंड कंजर्वेशन स्टडीस (सीबीसीएस) के समन्वय में आयोजित हुआ, जिसमें लगभग 40 कार्यकर्ताओं, कॉरपोरेट कर्मियों, साहस एनजीओ के सदस्यों, विश्वविद्यालय के स्वच्छता कर्मचारियों और छात्रों ने भाग लिया।

इस दौरान, आर्ट्स कॉलेज से नागदेवता मंदिर तक दोनों ओर की सड़कों पर फैले प्लास्टिक कचरे को साफ किया किया।ओयू के उप-कुलपति प्रो. कुमार मोलुगारम ने कहा कि ओयू लगातार स्वच्छ भारत अभियान जैसी गतिविधियों और साहस जैसी संस्थाओं के साथ साझेदारी के ज़रिए कैंपस को पूरी तरह प्लास्टिक-मुक्त बनाने के प्रयास कर रहा है। उन्होंने छात्रों, स्टाफ और आम जनता से पर्यावरण के प्रति जागरूक होते हुए विश्वविद्यालय के प्लास्टिक-फ्री मिशन में सहयोग करने की भी अपील की।

सीबीसीएस निदेशक प्रो. सी. श्रीनिवासुलु ने कहा कि विश्वविद्यालय में नियमित सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन कैंपस में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आने के कारण कचरे की मात्रा भी अधिक हो जाती है। उन्होंने लोगों से कचरा डस्टबिन में फेंकने की अपील की। साहस एनजीओ की सदस्य बी. मोनिका ने उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले कॉरपोरेट सदस्यों का आभार जताया और विश्वविद्यालय प्रशासन को इस कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि अकादमिक संस्थान, एनजीओ और कॉरपोरेट सदस्यों के बीच ऐसे सहयोग से समाज में स्वच्छता और स्थिरता की दिशा में मजबूत कदम उठाए जा सकते हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



