पेट्रोल-रसोई गैस की मूल्य वृद्धि असाधारण : केटीआर
हैदराबाद, भारत राष्ट्र समिति (भारास) के कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री के. तारक रामाराव ने केंद्र सरकार द्वारा मनमाने ढंग से पेट्रोल और रसोई गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ाने की कड़ी आलोचना की और इस मूल्य वृद्धि को असाधारण बताया। आज यहाँ मीडिया से अनौपचारिक रूप से बातचीत करते हुए केटीआर ने कहा कि अमेरिका द्वारा मनमाने ढंग से टैरिफ बढ़ाने के कारण तेलंगाना को भारी नुकसान हो रहा है।
इस स्तर पर केंद्र सरकार पेट्रोल और रसोई गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ाकर जनता पर और भार डाल रही है। वर्तमान समय में वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें गिरने के कारण कीमतें कम करने के बजाय केंद्र सरकार मूल्य वृद्धि कर रही है। इस बार असामान्य रूप से रसोई गैस सिलेंडर में 50 रुपये की वृद्धि की गई है। वहीं पेट्रोल की कीमतों में भी दो रुपये बढ़ाए गए हैं।
इस मूल्य वृद्धि से जन-सामान्य का बजट गड़बड़ा गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के पूर्व मूल्य वृद्धि कम करने की घोषणा की गई थी, लेकिन मोदी सरकार दाम करने के बजाय दाम बढ़ा रही है। मोदी सरकार ने अच्छे दिन का आश्वासन दिया था, लेकिन मूल्य वृद्धि कर मोदी सरकार जनता को बुरे दिन दिखा रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने एक ही दिन में पेट्रोल में दो रुपये सेस बढ़ाकर रसोई गैस सिलेंडर में 50 रुपये की मूल्य वृद्धि कर और स्टॉक मार्केट में भारी गिरावट के चलते हैट्रिक हासिल की है।
यह भी पढ़ें… रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़े
तेलंगाना की आर्थिक स्थिति पर केंद्र और राज्य की टकराव
इस मूल्य वृद्धि को लेकर प्रधानमंत्री मोदी, वित्त-मंत्री निर्मला सीतारामण और वाणिज्य मंत्री के पास कोई जवाब नहीं है। उन्होंने इस मूल्य वृद्धि पर चर्चा करवाने की माँग की। इस मूल्य वृद्धि का तेलंगाना के फार्मा और आईटी निर्यात पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है। केटीआर ने कहा कि भारास इस मूल्य वृद्धि का पुरजोर विरोध कर रही है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा अमल में लाई गई टैरिफ नीति पर अभी तक केंद्र सरकार ने एक शब्द भी नहीं बोला है।
इस मामले को लेकर केंद्र सरकार के पास कोई नीति नहीं है, जबकि नई टैरिफ नीति के कारण भारत की अर्थव्यवस्था पर काफी बुरा प्रभाव पड़ रहा है। इस नीति के कारण तेलंगाना को भी भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने कांग्रेस सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार के पास शराब की आय के अलावा अन्य कोई विकल्प नहीं है। राज्य सरकार की कमजोर आर्थिक नीति के कारण राजस्व प्राप्त नहीं हो रहा है। राज्य सरकार सकारात्मक के बजाय नकारात्मक नीति अमल में ला रही है।
इसके संदर्भ में फार्मा सिटी को रद्द करना, हैद्रा के कारण रियल इस्टेट व्यापार में गिरावट, मूसी सौन्दर्यीकरण की आड़ में परिवारों को बेघर करना आदि को उदाहरण के रूप में देखा जा सकता है।केटीआर ने भाजपा और कांग्रेस पार्टियों को निशाना बनाते हुए कहा कि दोनों पार्टियाँ दिल्ली से रिमोट कंट्रोल के जरिए संचालित की जा रही हैं। तेलंगाना की जनता ने कांग्रेस को शासन सौंपा, लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार केंद्र से हरी झंडी न मिलने के कारण मंत्रिमंडल का विस्तार भी नहीं कर रही है, क्योंकि दोनों की चुटिया दिल्ली स्थित हाईकमान के हाथों में है। एक पार्टी के नेता दिल्ली के नेताओं के चप्पल उठा रहे हैं, वहीं दूसरी पार्टी के नेता दिल्ली के नेताओं के सूटकेस उठाने में व्यस्त हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



