फोन टैपिंग मामले की जाँच अंतिम चरण में : सी.वी. आनंद

हैदराबाद, तेलंगाना पुलिस महानिदेशक सी.वी. आनंद ने कहा कि फोन टैपिंग मामले की जाँच-पड़ताल अंतिम चरण में है और शीघ्र ही इस मामले को लेकर अदालत में दूसरा आरोप-पत्र दायर किया जाएगा।

डीजीपी सी.वी. आनंद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए

सी.वी. आनंद ने आज सुबह पुलिस महानिदेशक का पद्भार संभालने के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए इस पद पर उन्हें नियुक्त करने के लिए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और उनकी सरकार के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिस भरोसे के साथ उन्हें यह पद सौंपा गया है, वे उस भरोसे को बरकरार रखेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की उम्मीदों को पूरा करने और लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए वे अथक प्रयास करेंगे।

इस बात पर जोर देते हुए कि कानून व्यवस्था बनाए रखना और प्रभावशाली अपराध जाँच-पड़ताल पुलिस की मुख्य जिम्मेदारियाँ हैं, उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ एडवांस टेक्नोलॉजी को जोड़कर पुलिस व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। पुलिस विभाग में चल रहे सुधारों पर बात करते हुए आनंद ने कहा कि तेलंगाना पुलिस में बड़े बदलाव हो रहे हैं, जिसमें अपराध का पहले से ही पता लगाकर उन्हें रोकने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

यह भी पढ़ें… सेवानिवृत्ति पर फ्यूचर सिटी आयुक्त ने साझा किये अनुभव

एडवांस टेक्नोलॉजी से पुलिसिंग होगी और मजबूत

सी.वी. आनंद ने कहा कि अपराध होने से पहले उसके संकेतों को समझकर सतर्क रहने पर अधिक ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर छोटी-छोटी समस्याओं को नजरअंदाज किया गया, तो वे आगे जाकर परेशानियाँ पैदा कर सकती है, इसीलिए अर्ली डिटेक्शन सिस्टम को मजबूत किया जाएगा। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए आनंद ने घोषणा की कि वे महिला सुरक्षा और चाइल्ड ट्रैफिकिंग पर नियंत्रण जैसे मुद्दों पर बिना किसी समझौते के अपनी लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने चिंता जताई की आज की पीढ़ी साइबर अपराध और ड्रग्स के खतरे का सामना कर रही है।

इसे ध्यान में रखते हुए साइबर सुरक्षा ब्यूरो को इन पर पूरा अधिकार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थाओं में एंटी ड्रग समितियाँ बनाकर युवाओं को इस महामारी से बचाते हुए इसके प्रति उन्हें जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राज्य भर में इससे जुड़े एक जैसे नियम लागू करने के लिए एक विशेष तौर पर ट्रैफिक मैनेजमेंट और रोड सेफ्टी ब्यूरो का गठन करने का फैसला किया गया है।

सी.वी. आनंद ने चेतावनी दी कि न केवल चोरी व अन्य अपराध बल्कि खाद्य पदार्थों में मिलावट, रियल इस्टेट फ्रॉड, सट्टेबाजी, तस्करी और संगठित अपराध पर भी नकेल कसी जाएगी। विभाग के पुनर्गठन पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग पहले ग्रे हाउंड्स और एसआईबी में नक्सलियों को कंट्रोल करने के लिए तैनात थे, उन्हें अब जरूरी तौर पर साइबर और नारकोटिक्स विभाग में ट्रांसफर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार पुलिस विभाग में लगभग 19 हजार खाली पदों पर भर्ती के लिए तैयार है, जिनमें से 5 हजार पदों पर नियुक्तियाँ पहले से ही मंजूर हो चुकी है।

आपदा प्रबंधन में फर्स्ट रिस्पॉन्डर प्रशिक्षण पर जोर

सी.वी. आनंद ने कहा कि एसीबी और सीआईडी जैसे महत्वपूर्ण विभागों की पुरानी शान वापस लाने के अलावा पुलिस को अलग-अलग सरकारी विभागों से जोड़ा जाएगा और आपसी समन्वय को बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी इस्तेमाल के तहत एआई टूल्स और ड्रोन का इस्तेमाल बढ़ाया जाएगा। ट्रैफिक सिग्नल सिंक्रोनाइजेशन के लिए खासकर गुगल जैसी संस्थाओं से मदद ली जाएगी और हैद्रा व अग्निशमन विभाग के साथ मिलकर कर्मचारियों को आपदा के समय फस्ट रेस्पॉन्डर के तौर पर काम करने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा।

सी.वी. आनंद ने कहा कि पूरे राज्य में क्षतिग्रस्त सीसी टीवी कैमरों को ठीक करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जाएगा और आर्टिफिशियल इंटेलीजेन्स के जरिए इन्हें ठीक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में माओवाद लगभग समाप्त हो चुका है और जो बचे हैं, उन्हें भी पुनर्वास नीति के तहत जीवन की मुख्य धारा में शामिल हो जाना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत तौर पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी और कहा कि अपने विचारों को और भावनाओं को व्यक्त करने का अधिकार तो है, लेकिन इस अधिकार का दुरुपयोग नहीं किया जाना चाहिए।

ऐसे मामलों को काफी सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने साफ किया कि वे अपनी कार्यशैली में माइक्रो मैनेजमेंट को अपनाते हुए क्राइम मीटिंग के जरिए फील्ड ऑफिसर्स के परफार्मेंस पर लगातार नजर रखेंगे और उन्हें पूरी आजादी देंगे। संवाददाता सम्मेलन में पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) महेश मुरलीधर भागवत, पुलिस भर्ती बोर्ड के चेयरमैन वी.वी. श्रीनिवास राव, पुलिस महानिदेशक (एसपीएफ) स्वाति लाकरा, हैदराबाद पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार, पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) चारु सिन्हा और ग्रेहाउंड्स व ऑक्टोपस के पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार व अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button