एचसीयू से हटेगा पुलिस बल!
हैदराबाद, उप-मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का ने बताया कि हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय (एचसीयू) से पुलिस बल को वापस बुलाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति बी.जे. राव को आज एक पत्र लिख कर यह जानकारी दी और उनसे एचसीयू की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने का अनुरोध किया।
कंचा गच्चीबावली मुद्दे पर सचिवालय में आयोजित मंत्रिमंडल उप-समिति की बैठक में एचसीयू शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों ने विश्वविद्यालय में तैनात पुलिस बलों को वापस बुलाने की मांग की। इस पर उप समिति ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। इस संबंध में भट्टी विक्रमार्का ने विश्वविद्यालय के कुलपति को पत्र लिखा। भट्टी ने अपने पत्र में बताया कि एचसीयू रजिस्ट्रार द्वारा अनुरोध किये जाने के बाद विश्वविद्यालय में कानून और व्यवस्था बनाए रखने तथा छात्रों व शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया था।
अध्यापक जेएसी और नागरिक संघों के अनुरोध पर कंचा गच्चीबावली के 400 एकड़ क्षेत्र को छोड़कर एचसीयू कैंपस के पास से पुलिस बल को हटाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने आगे बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार 400 एकड़ के क्षेत्र में वृक्ष संरक्षण के अलावा किसी अन्य गतिविधि की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
यह भी पढ़ें… एचसीयू में कुत्तों के हमले में हिरण की मौत
उप-मुख्यमंत्री ने पत्र में कुलपति से अनुरोध किया कि वे स्वयं विश्वविद्यालय की सुरक्षा की व्यवस्था करें तथा परिसर में गतिविधियां शांतिपूर्ण ढंग से संचालित करने के लिए उचित कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय से लिखित जवाब मिलने के बाद पुलिस को हटा लिया जाएगा। साथ ही आश्वासन दिया कि राज्य सरकार विश्वविद्यालय के साथ है और शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में मिलकर काम करने के लिए तैयार है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



