राजा सिंह ने फिर दिखाए बागी तेवर

हैदराबाद, पिछले कुछ समय से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में बागी तेवर दिखाते हुए पार्टी के निर्णयों के विरुद्ध बयान देते आ रहे भाजपा विधायक दल के पूर्व नेता व विधायक टी. राजा सिंह ने आज फिर से भाजपा के निर्णय के खिलाफ तब मोर्चा खोला जब राज्य विधान परिषद के लिए हैदराबाद स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र (एलएसी) से उम्मीदवार के रूप में भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति ने आज एन. गौतम राव के नाम की घोषणा की।

केंद्रीय कोयला, खान मंत्री व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी का नाम लिए बिना परोक्ष रूप से विधायक राजा सिंह ने कहा कि उस मेकअप मैन का टेबल जो साफ करे, उसी को बड़े बड़े पद व चुनावी टिकट दिए जा रहे हैं आखिरकार यह तमाशा कब तक, कितने साल तक चलेगा? यहीं पर नहीं रुके राजा सिंह ने सिकंदराबाद लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का भी नाम न लेते हुए प्रश्न किया कि सारे पद या टिकट तुम्हारे लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के व्यक्तियों या केवल तुम्हारी गुलामगिरी करने वालों को दिए जाएंगे तो कैसे चलेगा।

राजा सिंह ने कहा कि दूसरे लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में भी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं वे तुम्हारी (किशन रेड्डी की) गुलामगिरी नहीं कर रहे हैं तो क्या उन्हें पद या टिकट नहीं दिए जाएंगे?आखिरकार क्यों उन्हें बाजू रख दिया जा रहा है? ज्ञातव्य है कि विधायक राजा सिंह ने हाल के समय गोलकोंडा जिला भाजपा अध्यक्ष की नियुक्ति पर भी आपत्ति जताते हुए वीडियो जारी कर नाराजगी व्यक्त की थी और कहा था कि शायद भाजपा को अब उनकी (राजा सिंह की) सेवाओं की जरूरत नहीं है। अब भाजपा केंद्रीय कमेटी द्वारा गौतम राव के नाम की घोषणा किए जाने पर भी आपत्ति जताते हुए व्हाट्सऐप पर बयान जारी किया लेकिन हमेशा की तरह सोशल मीडिया में वीडियो नहीं डाला।

राम राज्य के लिए शोभायात्रा

प्रतिवर्ष श्रीराम नवमी के उपलक्ष्य में राजा सिंह द्वारा धूलपेट के अवंती बाई नगर से निकाली जाने वाली भव्य शोभायात्रा का उल्लेख करते हुए गोशामहल के विधायक ने कहा कि वे (राजा सिंह) हिन्दुओं को संगठित करने व राम राज्य की स्थापना के उद्देश्य से शोभायात्रा निकालते हैं। उन्होंने कहा कि इसके चलते उन पर (राजा सिंह पर) कई मामले भी दर्ज हुए हैं, फिर भी डरे बिना शोभायात्रा निकाली जाती है।

यह भी पढ़ें… बांग्लादेशियों, रोहिंग्या मुस्लिमों की पहचान के लिए करें एसआईटी का गठन : राजा सिंह

उन्होंने कहा कि धूलपेट से निकाली जा रही श्रीराम नवमी शोभायात्रा में राम भक्तों की संख्या को घटाने के उद्देश्य से गौतम राव अंबरपेट से अलग शोभायात्रा निकाल रहे हैं, शायद इसलिए ही उन्हें एमएलसी का टिकट दिया गया है। उन्होंने कड़े शब्दों का उपयोग किया और कहा कि तुम क्या, तुम्हारा बाप भी यदि कोशिश करे तो धूलपेट से निकलने वाली शोभायात्रा में भक्तों की संख्या नहीं घटा पाएगा।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button