चौंकाने वाले किरदार निभाना चाहते हैं राजकुमार राव
चेन्नई, अभिनेता राजकुमार राव इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘मालिक’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं, जिसमें वह एक गैंगस्टर की भूमिका निभा रहे हैं। बुधवार को इंदौर पहुंचे राव ने कहा कि वह अभिनय के दौरान मौलिकता पर ध्यान केंद्रित करते हैं और किसी भी किरदार को निभाने के लिए पुरानी फिल्मों से प्रेरणा लेने से बचते हैं।
एक्शन रोल के लिए क्या उन्होंने पुरानी फिल्मों से प्रेरणा ली? इस सवाल पर राव ने संवाददाताओं से कहा, “सच कहूं तो जब मैं किसी फिल्म की शूटिंग कर रहा होता हूं, तब उस समय मैं किसी खास किस्म की पुरानी फिल्म नहीं देखता (प्रेरणा के लिए)। मैं चाहता हूं कि जो भी किरदार मैं निभाऊं, वह पूरी तरह मौलिक हो और मेरी कल्पना तथा फिल्म की कहानी से निकले।” उन्होंने कहा कि अगर वह अवचेतन रूप से किसी पुरानी फिल्म के अच्छे दृश्य को दोहराने की कोशिश करते हैं, तो उनके अभिनय की मौलिकता खत्म हो जाएगी।
यह भी पढ़ें:‘बेहद खुश’ राजकुमार राव और पत्रलेखा ने की पहली प्रेग्नेंसी की घोषणा
अलग-अलग भूमिकाओं में नजर आने वाले राव ने कहा, “एक अभिनेता के तौर पर मैं खुद को किसी एक भूमिका तक सीमित नहीं करना चाहता। मैं हर साल कम से कम एक ऐसा किरदार निभाना चाहता हूं, जिसे देखकर आप सोचें कि आप मुझसे इस तरह की परफॉर्मेंस की उम्मीद नहीं कर रहे थे।” फिल्म मालिक में राव के साथ प्रोसेनजीत चटर्जी और मानुषी छिल्लर भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह एक्शन थ्रिलर 11 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



