रामचंदर राव ने रेवंत रेड्डी पर लगाया गलत बयानबाजी का आरोप

हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए डॉ. अंबेडकर की विरासत और महिला आरक्षण के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। नामपल्ली स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में डॉ. बी.आर. अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेते हुए रामचंदर राव ने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी परिसीमन से दक्षिण और उत्तर राज्यों के बीच असमानता बढ़ने जैसी गलत बयानबाजी कर रहे हैं।

रामचंदर राव ने कहा कि परिसीमन एक संवैधानिक प्रक्रिया है और इसमें पूरे देश में सीटों की संख्या जनसंख्या के अनुपात में बढ़ेगी, जिससे किसी भी राज्य का प्रतिनिधित्व कम नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना और परिसीमन दो अलग-अलग प्रक्रियाएँ हैं, लेकिन इन्हें जोड़कर जनता को गुमराह किया जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 1976 में कांग्रेस सरकार ने परिसीमन प्रक्रिया को स्थगित कर दिया था। इसके बाद देश की आबादी 140 करोड़ तक पहुंच गई, लेकिन लोकसभा की 543 सीटें अब भी 1971 की जनगणना के आधार पर ही बनी हुई हैं। उन्होंने बताया कि 2026 की जनगणना के बाद परिसीमन प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। 2029 के आम चुनाव तक इसे लागू किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें… कांग्रेस संविधान की धज्जियाँ उड़ाने वाली पार्टी : बंडी संजय

संविधान सभा में अंबेडकर की एंट्री पर विवाद

कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगाते हुए एन. रामचंदर राव ने कहा कि पार्टी ने हमेशा डॉ. भीमराव अंबेडकर के साथ अन्याय किया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने अंबेडकर को बॉम्बे प्रेसिडेंसी से चुनाव लड़ने से रोका और संविधान सभा में प्रवेश का भी विरोध किया, जिसके चलते उन्हें मुस्लिम लीग के समर्थन से वहाँ पहुँचना पड़ा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जवाहरलाल नेहरू ने प्रारंभ में अंबेडकर को ड्राफ्टिंग कमेटी का अध्यक्ष बनाने में हिचक दिखाई थी और बाद में लिखे पत्रों में आरक्षण को लेकर नकारात्मक टिप्पणी की थी।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अंबेडकर को दो बार चुनाव में हराया और उन्हें भारत रत्न से भी सम्मानित नहीं किया, जबकि यह सम्मान बाद में गैर-कांग्रेसी सरकार द्वारा दिया गया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंबेडकर से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया, जिससे डॉ. अंबेडकर के विशाल व्यक्तित्व से जनता परिचित हो रही है।

महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर घेरते हुए राव ने कहा कि कांग्रेस को महिलाओं के अधिकारों पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने इंदिरा गांधी के सत्ता में आने को वंशवादी राजनीति का उदाहरण बताया और शाह बानो मामले तथा तीन तलाक पर देरी को महिलाओं के प्रति कांग्रेस की असफलता करार दिया। उन्होंने कांग्रेस के भीतर महिला नेताओं के साथ हुए हालिया विवादों का जिक्र करते हुए इसे महिलाओं के प्रति नकारात्मक संस्कृति का उदाहरण भी बताया। उन्होंने जनता से विपक्षी पार्टियों द्वारा सीएए और परिसीमन जैसे मुद्दों पर फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार से सावधान रहने की अपील की।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button