आरटीसी कर्मचारी प्राण न त्यागें, साथ में खड़ी है भाजपा : रामचंदर राव

हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने 32 मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (टीजीएसआरटीसी) कर्मचारियों से निराश न होने और आत्महत्या जैसे कदम नहीं उठाने का आग्रह करते हुए कहा कि आत्महत्या समस्याओं का समाधान नहीं है।
रामचंदर राव ने वरंगल जिले के नरसमपेट डिपो के बस ड्राइवर कोला शंकर गौड़ की आत्महत्या पर दुःख जताते हुए सरकार से उनके परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि वादे के अनुसार आरटीसी का सरकार में विलय किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से तुरंत ही आरटीसी कर्मचारियों की न्यायसंगत मांगों को पूरा करने की मांग की। साथ ही चिंता जताते हुए कहा कि वर्ष 2017 से आरटीसी कर्मचारियों को पीआरसी बकाया तक अदा नहीं किए गए, रिटायरमेंट बेनिफिट तक नहीं दिए गए, यह सरकार की लापरवाही का सबूत है।
यह भी पढ़ें… खडगे को ले लेना चाहिए रिटायरमेंट : रामचंदर राव
रामचंदर राव ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मचारियों की मांगों के प्रति सरकार पूरी तरह लापरवाह है। कमेटियों के नाम पर समय बिताया जा रहा है, जिससे कर्मचारी भरोसा खोकर निराश हो रहे हैं और आत्महत्या जैसे कदम उठाने पर मजबूर होने लगे हैं। उन्होंने कहा कि हड़ताल के दौरान 3 कर्मचारियों ने आत्महत्या के प्रयास किए है, जिसकी जिम्मेदारी कांग्रेस सरकार को लेनी होगी। उन्होंने आरटीसी कर्मचारियों की हड़ताल को भाजपा की ओर से संपूर्ण समर्थन जताया और कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों के समर्थन में भाजपा भी आंदोलन जारी रखेगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





