सीएसआईआर-आईआईसीटी में विज्ञान संगोष्ठी संपन्न
हैदराबाद, सीएसआईआर-आईआईसीटी, हैदराबाद में विकसित भारत के निर्माण में विज्ञान की भूमिका विषय पर राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, भिलाई के प्रो. राजीव प्रकाश, विशिष्ट अतिथि के रूप में आईसीएमआरöराष्ट्रीय पोषण संस्थान, हैदराबाद के निदेशक डॉ. भारती कुलकर्णी एवं बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय के रसायन विभाग के प्रोफेसर विनोद तिवारी उपस्थित थे।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आईआईसीटी के निदेशक डॉ. डी. श्रीनिवास रेड्डी ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि विकसित भारत की संकल्पना विज्ञान के बिना संभव नहीं है। विज्ञान न केवल उद्योगों को बढ़ावा देता है, बल्कि लोगों के जीवन स्तर को बढ़ाता है। साथ ही तर्कसंगत सोच को बढ़ावा देता है। संगोष्ठी के अध्यक्ष डॉ. एस.पी. सिंह ने कहा कि हैदराबाद बिरयानी के साथ विज्ञान और हिन्दी के लिए भी प्रसिद्ध है। यह संगोष्ठी तीनों का समन्वय है।
यह भी पढ़ें… आईआईसीटी के दो वैज्ञानिकों को एनएएसआई फेलोशिप
संगोष्ठी में विज्ञान भाषा और स्वास्थ्य पर चर्चा
आईआईसीटी के प्रशासन नियंत्रक एम. आनंद कुमार ने कहा कि राजभाषा हिन्दी न केवल प्रशासनिक कार्यों में, बल्कि हमारा प्रयास है कि विज्ञान जैसे अध्ययन-अध्यापन के क्षेत्र में माध्यम बने। मुख्य अतिथि डॉ. राजीव प्रकाश ने विकसित भारत के निर्माण के लिए अपनी भाषा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आईआईटी जैसे संस्थान में केवल भाषा के कारण कई छात्रों का प्रदर्शन औसत दर्जे से कम हो जाता है।
ऐसे लोगों के लिए छात्रों की भाषा में अध्यापन की कोशिश की जा रही है, जिसके अच्छे परिणाम देखने को मिले हैं। उन्होंने विकसित भारत के लिए सतत विकास पर जोर दिया। आईसीएमआर-एनआईएन के निदेशक डॉ. भारती कुलकर्णी ने विकसित भारत के लिए जच्चा और बच्चा दोनों के स्वास्थ्य के महत्व को जरूरी माना।
उन्होंने कहा कि संस्थान मौजूदा मोटापे जैसी सार्वजनिक बीमारी को कम करने पर काम कर रहा है। साथ ही बच्चे और जच्चे के पोषण और उसके पदार्थ पर काम कर रहा है। संगोष्ठी के आमंत्रित वक्ता प्रो. विनोद तिवारी ने रसायन की अनोखी और दिलचस्प दुनिया से श्रोताओं को परिचित कराया। उन्होंने कहा कि कई खोज अकस्मात् हो जाती हैं, परंतु उसके लिए कोशिश करने की आवश्यकता होती है।
संगोष्ठी के दूसरे सत्र में सामान्य विज्ञान आधारित प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने प्रश्नोत्तरी का आनंद उठाते हुए विज्ञान की रोचक दुनिया से परिचित हुए। प्रश्नोत्तरी के सभी विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। संगोष्ठी में प्रतिभागियों के साथ नराकास की सदस्य सचिव अनीता पांडे, सुब्बाराव, डॉ. वी. वेंकटेश्वर राव और डॉ. साकेत सहाय जैसे भाषासेवी मौजूद थे। संगोष्ठी का संचालन डॉ. सौरभ कुमार, हिन्दी अधिकारी ने किया। धन्यवाद ज्ञापन आदर्श कुमार द्वारा किया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





