दमरे महाप्रबंधक ने किया परली वैजनाथ मार्ग का निरीक्षण
हैदराबाद, दक्षिण मध्य रेलवे के महाप्रबंधक संजय कुमार श्रीवास्तव ने सिकंदराबाद मंडल के परली वैजनाथ-सिकंदराबाद सेक्शन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सिकंदराबाद मंडल रेल प्रबंधक डॉ. आर. गोपालकृष्णन एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने महाप्रबंधक से भेंट कर अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित रेल विकास कार्यों के संबंध में ज्ञापन भी प्रस्तुत किए।











महाप्रबंधक का सुरक्षा निरीक्षण परली वैजनाथ अमृत स्टेशन से प्रारंभ हुआ, जहाँ उन्होंने यात्री सेवा सुविधाओं, परिसंचरण क्षेत्र आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत 24.35 करोड़ रुपये की लागत से किए जा रहे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। लोको रनिंग रूम में सुरक्षा से संबंधित अभिलेखों, स्टाफ सुविधाओं, जिसमें प्रावधान भंडार, रसोई आदि शामिल हैं, की जाँच की।
साथ ही रनिंग स्टाफ से संवाद कर भोजन के मेन्यू और गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कर्व संख्या 33 के निरीक्षण के दौरान ट्रैक की सुरक्षा संबंधी मापदंडों का परीक्षण किया। साथ ही सेक्शन में स्थित प्रमुख पुल संख्या 178 का निरीक्षण कर पुल से संबंधित समग्र सुरक्षा पहलुओं का परीक्षण किया। मार्ग में उन्होंने भालकी स्टेशन के समीप प्वाइंट संख्या 13 पर सिग्नलिंग एवं इंजीनियरिंग कार्यों का भी निरीक्षण किया।
यह भी पढ़ें… रमज़ान के मद्देनज़र सज्जनार ने किया मक्का मस्जिद का दौरा
जहीराबाद स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा
इस दौरान दमरे महाप्रबंधक ने वन स्टेशन वन प्रोडक्ट स्टॉल का दौरा कर स्थानीय हस्तशिल्प उत्पादों की उपलब्धता एवं प्रोत्साहन के संबंध में जानकारी ली। महाप्रबंधक ने क्रू लॉबी का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा अभिलेखों की भी जाँच की। उन्होंने लेवल क्रॉसिंग गेट संख्या 34 ई का निरीक्षण कर गेटमैन से परिचालन प्रक्रियाओं के संबंध में बातचीत की। साथ ही जहीराबाद रेलवे स्टेशन पर 24.35 करोड़ रुपये की लागत से किए जा रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को परियोजना को शीघ्र पूर्ण करने के लिए कार्यों में तेजी लाने की सलाह दी।
महाप्रबंधक ने विकाराबाद रेलवे स्टेशन में 24.35 करोड़ रुपये की लागत से किए जा रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य के दौरान सभी सुरक्षा सावधानियाँ बरतने तथा स्टेशन परिसर, विशेषकर प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने पर ध्यान देने के निर्देश दिए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



