मिधानि में वरिष्ठ प्रबंधकों के लिए हिन्दी कार्यशाला का आयोजन
हैदराबाद, भारत के रक्षा उपक्रम मिश्र धातु निगम लिमिटेड (मिधानि) में राजभाषा कार्यान्वयन समिति के तत्वावधान में उद्यम के वरिष्ठ प्रबंधकों के लिए एक दिवसीय हिन्दी कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यशाला का संचालन तीन सत्रों में किया गया। इनमें उद्यम के प्रबंधक (हिन्दी अनुभाग एवं निगम संचार) डॉ. बी. बालाजी ने क्रमशः प्रशासनिक शब्दावली, कम्प्यूटर पर फोनेटिक आधारित हिन्दी टाइपिंग तथा राजभाषा नीति विषयों पर व्याख्यान प्रस्तुत किए। उद्घाटन सत्र में राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन में कर्मचारियों की भूमिका एवं दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासनिक शब्दावली सत्र में प्रतिभागियों को प्रशासनिक एवं पारिभाषिक शब्दावली की जानकारी प्रदान करते हुए शब्द निर्माण की प्रक्रिया समझाई गई तथा अभ्यास कराया गया।
कम्प्यूटर पर फोनेटिक आधारित हिन्दी टाइपिंग सत्र में प्रतिभागियों को हिन्दी टाइपिंग की मूलभूत जानकारी देकर व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। राजभाषा नीति सत्र में राजभाषा की संवैधानिक स्थिति पर प्रश्नोत्तरी के माध्यम से संवादात्मक चर्चा की गई। इस दौरान संविधान में राजभाषा से संबंधित अनुच्छेदों, राजभाषा अधिनियम, 1963 की धाराओं तथा राजभाषा नियम, 1976 के अंतर्गत प्रावधानों की जानकारी दी गई।
साथ ही भारत सरकार के कार्यालयों में राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन में कर्मचारियों की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। कार्यशाला के समापन पर प्रतिभागियों से उनके संबंधित विभागों में हिन्दी में किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की गई तथा फीडबैक लिया गया। कार्यशाला के सफल आयोजन में हिन्दी अनुभाग के डॉ. विकास आज़ाद (हिन्दी अनुवादक) तथा डाक अनुभाग के जयपाल का विशेष योगदान रहा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






