हैदराबाद में भीषण गर्मी, मौसम विभाग ने जारी किया हीट अलर्ट

हैदराबाद, मौसम विभाग द्वारा प्री-मानसून सीजन में सामान्य से अधिक गर्मी और लू का अनुमान जताने के बाद सरकार ने जिला कलेक्टरों को एक व्यापक एडवाइजरी जारी की है। स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश देते हुए अस्पतालों में आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिये हैं। हैदराबाद सहित तेलंगाना के कई जिलों में तापमान 41 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंचने की संभावना के चलते राज्य ने सभी जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों को तुरंत शमन उपाय सक्रिय करने के निर्देश दिए गये हैं।

चार दिनों तक भीषण लू की चेतावनी

सरकार द्वारा जारी एक सर्कुलर मेमो में उल्लेख किया गया है कि तेलंगाना में इस समय गर्मी बढ़ गई है। सरकार ने चेतावनी दी है कि लू अब एक घातक जोखिम बन गया है। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बाहरी मजदूरों और शहरी गरीबों जैसे संवेदनशील समूहों के लिए स्थित चिंताजनक हो सकती है। आदिलाबाद, करीमनगर, निजामाबाद और खम्मम जैसे जिलों को प्राथमिक चिंता वाले क्षेत्रों के रूप में चिन्हित किया गया है, जहां अगले एक सप्ताह तक लू की स्थिति बने रहने की संभावना है।

निर्देश दिये गये हैं कि सार्वजनिक भवनों, मॉल, धार्मिक स्थलों और बस स्टैंड में कूलिंग सेंटर सक्रिय किये जाएंगे। अधिकारियों को एनजीओ और सामुदायिक समूहों के साथ मिलकर सार्वजनिक स्थानों पर पीने का पानी और छाछ उपलब्ध करवाने के लिए जल केंद्र स्थापित करने का निर्देश दिया गया है।

कार्यबल की सुरक्षा के लिए बाहरी कार्यों का समय दोपहर 12:00 बजे से 3:00 बजे के बीच से हटाने की सलाह दी गई है। स्कूलों को अत्यधिक गर्मी के दौरान समय कम करने या बंद करने और परीक्षाओं को भीषण कर्मा से पहले आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। जानवरों के लिए छाया और ठंडे पानी की व्यवस्था करने तथा पशु चिकित्सीय सेवाओं को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।

लोगों को दोपहर में बाहर न निकलने की सलाह

सरकार ने हाइड्रेशन के महत्व पर जोर देते हुए नागरिकों को सलाह दी है कि प्यास न लगने पर भी पर्याप्त पानी पिएँ और लस्सी, चावल का पानी (तोरानी) और नींबू पानी जैसे घरेलू पेय का सेवन करें। लोगों से कहा गया है कि वे सीधे धूप से बचें, ढीले सूती कपड़े पहनें और बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखें। मौसम बुलेटिन के अनुसार, राज्य के कुछ हिस्सों में कठोर मौसम की स्थिति रहेगी, जिसके चलते मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

विशेषकर आदिलाबाद, कोमरम भीम आसिफाबाद, मंचिरियाल, निर्मल, निजामाबाद और खम्मम में कुछ स्थानों पर गर्मी और लू की स्थिति बनी रहेगी। 16 और 17 अप्रैल को लू का प्रभाव बढ़कर नारायणपेट और जोगुलाम्बा गदवाल तक फैलने की संभावना है। इसी तरह नागरकर्नूल, वनपर्ती, नारायणपेट अन्य जिलों में भी लू का प्रभाव विस्तारित हो सकता है। अस्पतालों में पंखे, कूलर और एसी की व्यवस्था को ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी बीच स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजनरसिम्हा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने राज्य में गर्मी की तीव्रता बढ़ने के कारण सतर्क रहने के लिए स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सरकारी अस्पतालों में पेयजल सुविधा, आवश्यक स्थानों पर पंखे और कूलर की व्यवस्था, अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए अग्रिम उपाय, लू से प्रभावित लोगों के उपचार हेतु अस्पतालों में विशेष व्यवस्थाएँ आदि विषयों पर मंत्री ने उच्च अधिकारियों के साथ समीक्षा की।

हैदराबाद के जुबली हिल्स स्थित राजीव आरोग्यश्री ट्रस्ट कार्यालय में आयोजित इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव डॉ. क्रिस्टिना जेड चोंग्थु, टीजीएमएसआईडीसी के एमडी डॉ. गौरव उप्पल, हेल्थ एंड फैमिली वेल्फेयर कमिश्नर डॉ. संगीत सत्यनारायण, मेडिकल एजुकेशन निदेशक डॉ. नरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री ने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए लू से प्रभावित लोगों को उपचार उपलब्ध करवाने के लिए उठाए जा रहे कदमों तथा अस्पतालों में आउट पेशेंट और इन पेशेंट के लिए की गई व्यवस्थाओं के बारे में अधिकारियों ने मंत्री को जानकारी दी।

बाहर निकलते समय धूप से बचाव के उपाय करें

अधिकारियों ने बताया कि लू पीड़ितों को तुरंत उपचार देने के लिए सभी अस्पतालों में पहले से ही व्यवस्था की गई है तथा आवश्यक दवाइयाँ और ओआरएस उपलब्ध हैं। मंत्री ने निर्देश दिया कि राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में आउट पेशेंट, इन पेशेंट, उनके सहयोगियों तथा अस्पताल स्टाफ के लिए पेयजल उपलब्ध करवाया जाए। बड़े अस्पतालों में प्रत्येक ब्लॉक और प्रत्येक मंजिल पर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मंत्री ने अस्पतालों, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने के निर्देश दिये। मरीज के आते ही तुरंत उपचार शुरू करने के लिए टीम को प्रशिक्षण दिया जाए और आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध रखी जाएँ। मंत्री ने जनता से अपील की कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए सतर्क रहें। बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखें। बाहर निकलते समय धूप से बचाव के उपाय करें, पानी साथ रखें और लंबे समय तक धूप में न रहें। किसी भी परेशानी की स्थिति में तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल जाएँ। यदि किसी को लू लग जाए तो उसे तुरंत अस्पताल पहुँचाएँ और 108 एंबुलेंस को सूचना दें।

यह भी पढ़ेहैदराबाद में गर्मी के बीच स्कूलों ने तोड़े आधे दिन के नियम

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button