उस्मानिया यूनिवर्सिटी में स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम
हैदराबाद, उस्मानिया विश्वविद्यालय के वाणिज्य एवं व्यवसाय प्रबंधन महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग द्वारा रोजगार ब्यूरो के सहयोग से एम.कॉम. विद्यार्थियों के लिए उच्च-स्तरीय कौशल संवर्धन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रजा पालना- प्रगति प्रणालिका के तहत आयोजित कार्यक्रम का लक्ष्य राज्य के युवाओं के पेशेवर कौशल को निखार कर उनके लिए रोजगार के अवसरों को सुगम बनाना था।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम में निर्माण एनजीओ के प्रशिक्षकों ने तकनीकी सत्रों का संचालन किया। उन्होंने छात्रों को पेशेवर संचार, कॉर्पोरेट शिष्टाचार तथा जटिल समस्याओं के समाधान जैसे विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इन सत्रों का उद्देश्य छात्रों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़ाकर वैश्विक कॉर्पोरेट जगत की वास्तविक चुनौतियों के लिए तैयार करना था। वक्ताओं ने शिक्षा जगत और एनजीओ के बीच इस तरह के सहयोग को अनिवार्य बताया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक प्रयासों को राज्य सरकार के विजन के साथ जोड़कर ही छात्रों को भविष्य की प्रतिस्पर्धा के लिए सशक्त बनाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें… जीएचएमसी आयुक्त कर्णन ने किया जनगणना प्रशिक्षण केंद्र का दौरा
इस पहल के माध्यम से विभाग का लक्ष्य ऐसे उद्योग पेशेवर तैयार करना है, जो देश की आर्थिक उन्नति में सक्रिय भूमिका निभा सकें। कार्यक्रम में वाणिज्य एवं व्यवसाय प्रबंधन महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. इंद्रकांति शेखर, वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. एम. गंगाधर, बोर्ड ऑफ स्टडीज के अध्यक्ष प्रो. ए. पैट्रिक, वरिष्ठ प्रोफेसर डी. चेनप्पा, प्रो. कविता देवी, सहायक कुलसचिव वी. प्रसाद बाबू, विभाग के संकाय सदस्य, शोधार्थी तथा छात्र उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





