सौम्या के दोषियों को बक्शा नहीं जाएगा – सज्जनार
हैदराबाद, नगर पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार ने निजामाबाद में गांजा तस्करों को पकड़ने के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बाद उपचार के दौरान शहीद होने वाली आबकारी विभाग की कांस्टेबल गाजुला सौम्या को श्रद्धांजलि दी।सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए आयुक्तक वी.सी. सज्जनार ने बताया कि कांस्टेबल सौम्या की शहादत समाज के लिए एक चेतावनी है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों का खतरा अत्यंत गंभीर है और इसे जड़ से खत्म करने के लिए कठोर कदम उठाए जाएंगे।
दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सौम्या का बलिदान केवल एक सरकारी कर्मचारी की मृत्यु नहीं, बल्कि समाज की रक्षा के लिए दिया गया सर्वोच्च त्याग है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले निजामाबाद में गांजा तस्करी को रोकने के लिए कार्रवाई के दौरान तस्करों ने सौम्या को वाहन से कुचल दिया था।
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद वह आरोपियों को पकड़ने का प्रयास करती रही। गंभीर रूप से घायल होने के बाद महिला कांस्टेबल को नगर के निम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, कल रात स्थिति बेहद नाजुक होने के बाद सौम्या को गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान अलस सुबह सौम्या की मौत हो गई।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



