माल ढुलाई एवं यात्री सेवाओं में दक्षिण मध्य रेलवे ने दर्ज की रिकॉर्ड उपलब्धियाँ

हैदराबाद, दक्षिण मध्य रेलवे ने कैलेंडर वर्ष 2025 के दौरान सभी क्षेत्रों में निरंतर प्रगति दर्ज की है। ज़ोन ने अवसंरचना विकास, नई ट्रेनों की शुरुआत, स्टेशनों के पुनर्विकास, यात्रियों की सुविधाओं में सुधार, कर्मचारियों के कल्याण, माल ढुलाई, राजस्व सृजन और सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसे क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की हैं। विशेष रूप से जनवरी से नवंबर तक दमरे का सकल राजस्व 19 हजार करोड़ रुपये को पार कर गया है।

दमरे ने वर्ष 2025 के दौरान कई प्रमुख पहलों पर काम किया है। विशेष रूप से तेलंगाना में राजधानी क्षेत्र (हैदराबाद) के तीन प्रमुख टर्मिनलों की भीड़ कम करने और यात्रियों को सुगम यात्रा प्रदान करने के उद्देश्य से चेर्लापल्ली सैटेलाइट टर्मिनल का विकास किया गया, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा जनवरी में किया गया। रेलवे स्टेशनों पर सुविधाओं एवं सौंदर्यीकरण में सुधार के उद्देश्य से भारतीय रेलवे द्वारा स्टेशनों को अमृत स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है।

नई ट्रेनों से रेल सुविधाओं का विस्तार

इसके अंतर्गत तेलंगाना के तीन प्रमुख रेलवे स्टेशन बेगमपेट, करीमनगर और वरंगल पुनर्विकास के बाद नवीनीकृत स्टेशनों का उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा मई में रिमोट वीडियो लिंक के माध्यम से किया गया। पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में काचीगुड़ा हेरिटेज स्टेशन का 2.2 करोड़ रुपये की लागत से वास्तु सौंदर्यीकरण किया गया, ताकि इसकी इंडो-सरैसेनिक स्थापत्य शैली और समृद्ध विरासत को उपयुक्त प्रकाश व्यवस्था के माध्यम से उभारा जा सके।

जुलाई में काचीगुड़ा-भगत की कोठी के बीच एक नई दैनिक ट्रेन शुरू की गई। मार्ग में ट्रेनों के ठहराव से बचने तथा यात्रा समय कम करने के उद्देश्य से पेद्दापल्ली जंक्शन पर महत्वपूर्ण बाईपास लाइन का शुभारंभ किया गया। अगस्त में सीएसएमटी-जालना के बीच जारी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को नांदेड़ तक विस्तारित किया गया। दिसंबर में तिरुपति-साईनगर शिरडी के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन शुरू की गई। एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-विजयवाड़ा के बीच जारी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को नरसापुर तक विस्तारित किया गया।

यात्री और अन्य स्रोतों से 19,314 करोड़ की आय

राजस्व से संबंधित कार्यों में जनवरी से नवंबर की अवधि के दौरान दक्षिण मध्य रेलवे ने 136.2 मिलियन टन की माल ढुलाई करते हुए 12,841 हज़ार करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में दौ सौ करोड़ से अधिक था। यात्रियों से 5525 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त करने के अलावा अन्य स्रोतों से मिलाकर 19,314 करोड़ रुपये राजस्व अर्जित किया गया। दमरे ने नवंबर तक की अवधि के दौरान 52 स्टेशनों/सेवा भवनों के लिए भारतीय रेलवे में सर्वाधिक शून्य/शून्य प्लस लेबलिंग प्राप्त की।

यह उपलब्धि इन स्टेशनों/भवनों में शुद्ध ऊर्जा आयात के बराबर या उससे अधिक शुद्ध ऊर्जा निर्यात प्राप्त करने के लिए दी गई। तीन गति शक्ति कार्गो टर्मिनल कमीशन किए गए। 68 मानवयुक्त लेवल क्रॉसिंग गेट समाप्त किए गए। 22 रोड ओवर ब्रिज और 60 रोड अंडर ब्रिज का निर्माण किया गया। साथ ही 199 किलोमीटर ट्रैक जोड़ा गया। वाडी में 24 किलोमीटर लंबी बाईपास लाइन (12 किमी दोहरी लाइन) का विद्युतीकरण सहित कमीशनिंग किया गया, जिससे वाडी जंक्शन को छुए बिना ट्रेनों का निर्बाध संचालन संभव हुआ। 184 ट्रैक किलोमीटर का विद्युतीकरण किया गया।

आधुनिक सिग्नलिंग से 529 किमी रेलखंड सुरक्षित

इसके अतिरिक्त अकन्नापेट-मेदक खंड और कलबुर्गी-खानापुर खंड का भी विद्युतीकरण किया गया, जिससे दक्षिण मध्य रेलवे का सिकंदराबाद मंडल शत प्रतिशत विद्युतीकृत हो गया। विभिन्न खंडों में 529 किलोमीटर में स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली सफलतापूर्वक चालू की गई तथा 9 इंटरमीडिएट ब्लॉक सिग्नलिंग सिस्टम चालू किए गये। दमरे ने अपने प्रदर्शन से चार राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार प्राप्त किए। इनमें डीज़ल ट्रैक्शन ट्रेनिंग सेंटर, गुंतकल को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इकाई पुरस्कार, रायचूर, काचीगुड़ा और लिंगमपल्ली रेलवे स्टेशनों को प्रशंसा प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट) शामिल हैं।

कर्मचारी कल्याण के अंतर्गत फरवरी में चिकित्सकों के सम्मेलन का आयोजन किया गया। कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने और उनके कल्याण को सुनिश्चित करने की दिशा में मार्च में लालागुड़ा सेंट्रल अस्पताल, सिकंदराबाद में 64 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन स्थापित की गई। जून में रेल लाभार्थियों की सुविधा के लिए लालागुड़ा सेंट्रल अस्पताल, सिकंदराबाद में इन हाउस कार्डियक कैथ लैब की सुविधा प्रदान की गई।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button