दक्षिण मध्य रेलवे महाप्रबंधक ने की ट्रेन संचालन की समीक्षा
हैदराबाद, दक्षिण मध्य रेलवे के महाप्रबंधक संजय कुमार श्रीवास्तव ने सिकंदराबाद स्थित रेल निलयम में ट्रेन संचालन की सुरक्षा की समीक्षा की। यहां दक्षिण मध्य रेलवे के महाप्रबंधक संजय कुमार श्रीवास्तव ने दमरे के अपर महाप्रबंधक सत्य प्रकाश सहित प्रमुख विभागाध्यक्षों के साथ ट्रेन संचालन की सुरक्षा पर विस्तृत समीक्षा बैठक की। कार्यक्रम में सभी छह मंडलों – विजयवाड़ा, गुंतकल, गुंटूर, सिकंदराबाद, हैदराबाद और नांदेड़ के मंडल रेल प्रबंधकों (डीआरएम) ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भाग लिया।

महाप्रबंधक ने सुरक्षा समीक्षा के दौरान पूरे जोन में चलाए जा रहे शीतकालीन तैयारी अभियान का जायजा लिया। उन्होंने शीत ऋतु में पटरियों की गश्त, सुरक्षा उपकरणों के रखरखाव, कोहरे से सुरक्षा उपकरणों के स्टॉक की स्थिति आदि की समीक्षा की। उन्होंने सलाह दी कि यदि कोई कमी हो, तो उसे तुरंत दूर किया जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना राइजिंग समिट : ग्लोबल समिट के पहले दिन 2.84 लाख करोड़ के समझौते
महाप्रबंधक ने विभिन्न विभागों के बीच विशेष रूप से बुनियादी ढांचे के रखरखाव कार्यों के दौरान उचित समन्वय पर भी ज़ोर दिया। उन्होंने दोहराया कि सुरक्षा जागरूकता को और बढ़ाने के लिए क्षेत्रीय कर्मचारियों को नियमित रूप से परामर्श दिया जाना चाहिए। महाप्रबंधक ने इंजीनियरिंग, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल आदि विभिन्न विभागों से संबंधित जोन में चलाए गए विभिन्न सुरक्षा अभियानों की स्थिति की समीक्षा की। महाप्रबंधक ने क्षेत्र स्तर पर गहन पर्यवेक्षण और सुरक्षा संबंधी मुद्दों के त्वरित समाधान पर जोर दिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



