संक्रांति भीड़ प्रबंधन व सुरक्षा पर दक्षिण मध्य रेलवे की समीक्षा
हैदराबाद, दक्षिण मध्य रेलवे महाप्रबंधक संजय कुमार श्रीवास्तव ने सिकंदराबाद स्थित रेल निलयम में रेल संचालन की सुरक्षा और त्यौहारी भीड़ से निपटने को लेकर विस्तफत समीक्षा बैठक आयोजित की। श्रीवास्तव ने बैठक में आगामी संक्रांति त्यौहार के दौरान होने वाली भीड़ से निपटने की तैयारियों को सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए यात्रियों की सुचारू आवाजाही के लिए आरपीएफ और टिकट चेकिंग स्टाफ से युक्त जमीनी परिचालन टीमों की तैनाती के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने ट्रैक रखरखाव कार्यों, शंटिंग कार्यों आदि के दौरान फील्ड स्टाफ द्वारा सुरक्षा प्रोटोकॉल पालन की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पर्यवेक्षकों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कार्य पूर्ण होने के बाद पटरियों के पास किसी प्रकार की निर्माण सामग्री न रहे।
संजय ने रेलवे परिसर में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अग्नि सुरक्षा उपायों जैसे उपकरणों का रख-रखाव, नियमित निरीक्षण आदि की भी समीक्षा की। उन्होंने स्टेशनों, माल गोदामों और बिना इंटरलॉक वाले लेवल क्रॉसिंग गेटों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था का जायजा लेते हुए जोन में चल रही विभिन्न परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा की। डिवीजनों को निर्धारित तिथियों तक विकास कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें… एआईजी हॉस्पिटल्स में इंटीग्रेटेड स्ट्रोक कमांड सेंटर का शुभारंभ
बैठक में दक्षिण मध्य रेलवे के अतिरिक्त महाप्रबंधक सत्य प्रकाश व अन्य प्रमुख विभागाध्यक्ष उपस्थित थे। साथ ही सिकंदराबाद, हैदराबाद, विजयवाड़ा, गुंतकल, गुंटूर तथा नांदेड़ मंडलों के मंडल रेलवे प्रबंधकों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



