वेनिस आर्ट शो में सुदर्शन पटनायक ने किया भारत का प्रतिनिधित्व
लंदन, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त रेत कलाकार और पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित सुदर्शन पटनायक ‘कंटेंपररी वेनिस 2026’ में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जहां वे अपनी मिश्रित-माध्यम वाली ‘जुगलबंदी’ पेंटिंग का प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसमें कैनवास पर प्राकृतिक रेत को रंग के साथ मिलाया गया है।
रविवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ओडिशा के रहने वाले पटनायक, इटली के वेनिस में स्थित ऐतिहासिक पलाज़ो अल्ब्रिज़ी-कैपेलो में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में भाग लेने वाले एकमात्र भारतीय कलाकार हैं।
इस प्रदर्शनी में कलाकार अपनी ‘जुगलबंदी’ श्रृंखला प्रस्तुत कर रहे हैं, जो कलाकृतियों का एक ऐसा संग्रह है जिसमें कैनवास पर प्राकृतिक रेत को रंग के साथ मिलाया गया है, और यह पहली बार है जब वह इस पैमाने की एक अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में इन चित्रों का प्रदर्शन कर रहे हैं।
ये कृतियां प्रकृति, मानवीय भावनाओं, पर्यावरणीय संतुलन और मानवता तथा पृथ्वी के बीच सामंजस्य जैसे विषयों को दर्शाती हैं, जो रेत की मूर्तिकला से लेकर चित्रकला तक की पटनायक की कलात्मक यात्रा से प्रेरित हैं।
पटनायक ने कहा, “आज का दिन मेरे लिए बहुत खास है और एक कलाकार के रूप में मेरी यात्रा में एक मील का पत्थर है। चित्रकारी के मेरे बचपन के सपने भगवान जगन्नाथ के चरणों में शुरू हुए थे, और अब मेरा दिल खुशी से भर गया है क्योंकि मेरी ‘जुगलबंदी’ पेंटिंग इटली में ‘कंटेंपररी वेनिस 2026’ में प्रदर्शित की जा रही है।” उन्होंने कहा, ‘पुरी के समुद्र तटों से लेकर वेनिस तक, आगंतुकों और कला प्रेमियों से मिली हार्दिक सराहना के लिए मैं अत्यंत आभारी हूं।’ प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि वेनिस में उद्घाटन के दौरान, पटनायक की कृतियों ने आगंतुकों और साथी कलाकारों का ध्यान आकर्षित किया। (भाषा )
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



