आईपीएल में सुपर जाइंट्स ने गुजरात को हराया

Ad

अहमदाबाद, सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श के पहले आईपीएल शतक और निकोलस पूरन के साथ उनकी शतकीय साझेदारी से लखनऊ सुपर जाइंट्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में बृहस्पतिवार को यहाँ गुजरात टाइटंस को 33 रन से हरा दिया। मार्श ने अपने कॅरियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलते हुए 64 गेंदों में आ छक्कों और 10 चौकों से 117 रन बनाने के अलावा पूरन (नाबाद 56 रन, 27 गेंद, पाँच छक्के, चार चौके) के साथ दूसरे विकेट के लिए 121 रन की साझेदारी की, जिससे सुपर जाइंट्स ने दो विकेट पर 235 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

मार्श ने एडेन मार्करम (36) के साथ पहले विकेट के लिए 91 रन जोड़कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। इसके जवाब में टाइटंस की टीम विल ओरोर्के (27 रन पर तीन विकेट), आयुष बडोनी (चार रन पर दो विकेट) और आवेश खान (51 रन पर दो विकेट) की उम्दा गेंदबाजी के सामने शाहरुख खान (57 रन, 29 गेंद, पाँच चौके, तीन छक्के) और शेरफेन रदरफोर्ड (38 रन, 22 गेंद, एक चौका, तीन छक्के) के बीच चौथे विकेट की 40 गेंदों में 86 रन की साझेदारी के बावजूद नौ विकेट पर 202 रन ही बना सकी।

सुपर जाइंट्स की टीम पहले ही प्ले ऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है, जबकि टाइटंस की टीम प्ले ऑफ में जगह सुनिश्चित कर चुकी है और इस मैच में हार के बावजूद 13 मैच में 18 अंक के साथ शीर्ष पर है।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अटूट दोहरी शतकीय साझेदारी करके गुजरात को 10 विकेट की जीत के साथ प्ले ऑफ में पहुँचाने वाले कप्तान शुभमन गिल (35) और साई सुदर्शन (21) ने एक बार फिर टीम को तेज शुरुआत दिलाते हुए चार ओवर में 42 रन जोड़े।

यह भी पढ़ें… आईपीएल में मुंबई इंडियंस ने प्लेऑफ में जगह बनाई

शाहरुख-रदरफोर्ड की साझेदारी पर ओरोर्के का वार

ओरोर्के ने सुदर्शन को मिड ऑफ पर मार्करम के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा। जोस बटलर ने छ ओवर में आवेश पर दो चौकों और दो छक्के से 21 रन बटोरे। टाइटंस ने पॉवर प्ले में एक विकेट पर 67 रन बनाए। आवेश ने अगले ओवर में गिल को अब्दुल समद के हाथों कैच कराके टाइटंस को दूसरा झटका दिया। गिल ने 20 गेंदों का सामना करते हुए सात चौके मारे। आकाश सिंह ने बटलर को बोल्ड करके टाइटंस का स्कोर तीन विकेट पर 96 रन किया। बटलर ने 18 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौके और दो छक्के मारे। गुजरात के रनों का शतक 11वें ओवर में पूरा हुआ।

Ad

लगातार बढ़ती रन गति के बीच रदरफोर्ड ने आकाश दीप पर दो छक्के मारे। शाहबाज अहमद के अगले ओवर में हालाँकि उन्हें जीवनदान मिला जब विकेटकीपर ऋषभ पंत उनका कैच लपकने में नाकाम रहे। शाहरुख ने आवेश पर दो चौके और एक छक्का जड़ने के अलावा शाहबाज पर छक्के के साथ 15वें ओवर में टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुँचाया। टाइटंस को अंतिम पाँच ओवर में 71 रन की दरकार थी।

शाहरुख ने आकाश दीप पर दो चौकों और एक छक्के से 16वें ओवर में 17 रन जुटाए। उन्होंने ओरोर्के की गेंद पर एक रन के साथ 22 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, लेकिन इस तेज गेंदबाज ने रदरफोर्ड और राहुल तेवतिया (02) को आउट करके गुजरात को दोहरा झटका दिया, जबकि इस ओवर में सिर्फ चार रन बने। शाहबाज ने 18वें ओवर में अरशद खान (01) को ओरोर्के के हाथों कैच कराया जबकि इस दौरान सिर्फ सात रन दिए। टाइटंस को अंतिम दो ओवर में 43 रन की जरूरत थी और आवेश ने शाहरुख को स्थानापन्न खिलाड़ी रवि बिश्नोई के हाथों कैच कराके गुजरात की जीत की रही सही उम्मीद भी खत्म कर दी।

स्कोर बोर्ड

लखनऊ सुपर जाइंट्स : ऐडन मार्करम का. शाहरुख बो. किशोर 36, मिचेल मार्श का. रदरफोर्ड बो. अरशद 117, निकोलस पूरन नाबाद 56, ऋषभ पंत नाबाद 16, अतिरिक्त : 10, कुल : 20 ओवर में दो विकेट पर: 235 रन। विकेट पतन : 1-91, 2-212, गेंदबाजी : सिराज 4-0-37-0, अरशद 3-0-36-1, रबाडा 4-0-45-0, प्रसिद्ध 4-0-44-0, किशोर 3-0-34-1, राशिद 2-0-36-0.

गुजरात टाइटंस : साई सुदर्शन का. मार्करम बो. ओरोर्के 21, शुभमन गिल का. समद बो. आवेश 35, जोस बटलर बो. आकाश 33, शेरफेन रदरफोर्ड का. स्थानापन्न बो. ओरोर्के 38, शाहरुख खान का. स्थानापन्न बो. आवेश 57, राहुल तेवतिया का. हिम्मत बो. ओरोर्के 02, अरशद खान ओरोर्के बो. शाहबाज 01, राशिद खान नाबाद 04, कागिसो रबाडा बो. बडोनी 02, साई किशोर बो. बडोनी 01, अतिरिक्त : 08, कुल : 20 ओवर में नौ विकेट पर: 202 रन। विकेट पतन : 1-46, 2-85, 3-96, 4-182, 5-186, 6-193, 7-197, 8-200, 9-202, गेंदबाजी : आकाश 3.1-0-29-1, आकाश दीप 4-0-49-0, ओरोर्के 4-0-27-3, आवेश 3.5-0-51-2, शाहबाज 4-0-41-1, बडोनी 1-0-4-2.(भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Ad

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button